यशोदा ग्रुप ऑफ़ हॉस्पिटल्स की डॉ. उपासना अरोड़ा ने BRICS WBA समिट में महिला स्वास्थ्य पर संवाद किया

महिलाओं के स्वास्थ्य में प्राइमरी केयर, डिजिटल हेल्थ और AI के बेहतर समन्वय पर जोर

गाजियाबाद।
यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं BRICS WBA हेल्थकेयर वर्किंग ग्रुप की प्रमुख डॉ. उपासना अरोड़ा ने नई दिल्ली में आयोजित BRICS WBA महिला-नेतृत्व विकास समिट 2026 में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर उच्चस्तरीय पैनल चर्चा का नेतृत्व एवं संचालन किया। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य परिणामों में सुधार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, डिजिटल हेल्थ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को प्रभावी ढंग से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
‘इनोवेटिंग फॉर वुमन्स हेल्थ: ब्रिजिंग प्राइमरी केयर, टेक्नोलॉजी एंड एक्सेस’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भारत, ईरान, रूस और ब्राजील के महिला स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं हितधारकों ने भाग लिया। चर्चा में विशेष रूप से ग्रामीण और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में महिलाओं तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल, मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और समय पर उपचार के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य परिणामों में व्यापक सुधार किया जा सकता है। इस दौरान बीमारी की शुरुआती पहचान और जांच में डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन तथा AI की भूमिका पर भी चर्चा हुई। साथ ही मातृ स्वास्थ्य, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और नियमित फॉलो-अप को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
तकनीक के साथ मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था जरूरी: 
डॉ. उपासना अरोड़ा ने कहा कि केवल तकनीक के इस्तेमाल से महिलाओं के स्वास्थ्य की चुनौतियों का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, मजबूत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं और प्रभावी फॉलो-अप व्यवस्था को भी साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी और नियमित फॉलो-अप से मरीजों के स्वास्थ्य परिणामों में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। महिलाओं को जागरूकता और जांच से लेकर उपचार एवं स्वास्थ्य-लाभ तक निरंतर देखभाल मिलनी चाहिए। तकनीक, चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा सकता है।
चार देशों के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव: पैनल में भारत, ईरान, रूस और ब्राजील के विशेषज्ञों ने अपने-अपने देशों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े अनुभव साझा किए। क्रॉस-कंट्री संवाद के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया गया। समिट में डॉ. अरोड़ा की भागीदारी BRICS WBA के हेल्थकेयर वर्किंग ग्रुप में उनके नेतृत्व को भी रेखांकित करती है। यह समूह BRICS महिला विकास एजेंडा के तहत महिलाओं के लिए बेहतर प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। BRICS वुमन्स बिजनेस अलायंस (WBA) की स्थापना वर्ष 2020 में ब्रिक्स देशों में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। हेल्थकेयर इसके प्रमुख सहयोग क्षेत्रों में शामिल है। जनवरी 2026 में भारत ने WBA की अध्यक्षता संभाली। डॉ. अरोड़ा की इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भागीदारी यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स की महिला-नेतृत्व वाले स्वास्थ्य एवं विकास एजेंडे में सक्रिय भूमिका को भी दर्शाती है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने