सीडीओ को लोनी में हादसे को न्यौता देता मिला राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जताई नाराजगी

फर्श धंसा, दीवारों में दरार और सीलन मिली; निर्माण करने वाली संस्था को तलब कर मांगा जवाब, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए तत्काल सावधानी बरतने के निर्देश 

गाजियाबाद।
लोनी के प्रेमनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की खराब स्थिति सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ ने नाराजगी जताई। निरीक्षण में भवन के कई हिस्सों में फर्श धंसा हुआ, दीवारों में दरारें और जगह-जगह सीलन की समस्या मिली। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सावधानी बरतने और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, कक्षाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण कर छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और पढ़ाई के माहौल की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान लोनी के उपजिलाधिकारी तथा नगर पालिका परिषद लोनी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। 
निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही सामने आईं खामियां: 
निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। कई स्थानों पर फर्श धंसा हुआ था, जबकि दीवारों में दरारें और भवन के कुछ हिस्सों में सीलन दिखाई दी। अधिकारियों ने सीडीओ को बताया कि विद्यालय भवन का निर्माण अल्पसंख्यक विभाग की ओर से प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (C&DS) के माध्यम से कराया गया था। भवन को वर्ष 2019 में माध्यमिक शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया था। कम समय में भवन की स्थिति खराब होने को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने संबंधित संस्था को निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेज और आवश्यक अभिलेखों के साथ 7 सितंबर को उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसके जरिए निर्माण कार्य की गुणवत्ता, हस्तांतरण और भवन की मौजूदा स्थिति से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।
मरम्मत का खर्च तैयार करने के निर्देश: 
सीडीओ ने भवन की मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए नगर पालिका परिषद लोनी को व्यय का आकलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, भवन के क्षतिग्रस्त हिस्सों में छात्राओं की आवाजाही को लेकर विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद सीडीओ ने प्रोजेक्ट अलंकार के तहत यूपीपीसीएल द्वारा बनाए जा रहे दो क्लासरूम और दो प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की शुरुआती गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। उन्होंने यूपीपीसीएल के सहायक अभियंता को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। सीडीओ ने प्रधानाचार्य और संबंधित अधिकारियों को विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने