दो गिरफ्तार; 93,500 रूपए के जाली नोट बरामद, मालदा के दो संदिग्ध आरोपी फरार
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले एक कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 187 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल फेस वैल्यू 93,500 रुपये बताई गई है। जांच में नेटवर्क के तार दिल्ली के अलावा झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के मालदा से जुड़े होने की बात सामने आई है।पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुम्बरे ने बताया कि 22 अगस्त को गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की शाखा में 500 रुपये के 18 नकली नोट सामने आए थे। ये नोट नफीज अहमद नामक व्यक्ति द्वारा 90 हजार रुपये जमा कराने के दौरान बैंक में दिए गए थे। बैंक से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में नफीज ने पुलिस को बताया कि उसकी दुकान पर दानिश नामक व्यक्ति आया था और उसने 17,200 रुपये का नकद भुगतान किया था। नफीज के अनुसार, इसी रकम में कुछ नकली नोट शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने गांधी नगर मार्केट में निगरानी बढ़ा दी। अगले दिन नफीज ने पुलिस को सूचना दी कि दानिश पास की एक दुकान पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोहम्मद दानिश को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 32/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 179 के तहत कार्रवाई की गई।Delhi: Delhi Police Joint CP (Eastern Range) Milind Mahadev Dumbre, on the seizure of fake currency notes in the Gandhi Nagar area, says, “There is a person named Danish who used to receive this money from a person named Guddu. When he would purchase goods in the Gandhi Nagar… pic.twitter.com/w9JoKcMaB5
— IANS (@ians_india) September 22, 2026
झारखंड से सामने आई सप्लाई की अगली कड़ी: पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दानिश ने कथित तौर पर बताया कि उसने 30 हजार रुपये की फेस वैल्यू वाले नकली नोट 10 हजार रुपये में झारखंड के चतरा क्षेत्र में रहने वाले गुड्डू से खरीदे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने झारखंड में कार्रवाई करते हुए गुड्डू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गुड्डू के कब्जे से 500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद किए, जिनकी कुल फेस वैल्यू 84,500 रुपये है। जांच में गुड्डू ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने 1.5 लाख रुपये की फेस वैल्यू वाले नकली नोट 60 हजार रुपये में खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई की आगे की कड़ियों को खंगालना शुरू किया।
जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित कल्याण चौक निवासी मामा उर्फ छोटू और भैया जी के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए नकली नोटों की पूरी सप्लाई ट्रेल को ट्रेस किया गया। कार्रवाई में झारखंड और पश्चिम बंगाल समेत संबंधित राज्यों एवं जिलों की स्थानीय पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को सहयोग दिया। मामले में नकली नोटों के स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और सप्लाई की पूरी श्रृंखला का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
Tags
दिल्ली