आभूषण, नकदी और तमंचा बरामद, पहले दो आरोपी हो चुके थे गिरफ्तार
गाजियाबाद। थाना अंकुर विहार पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 2,800 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में चोरी का माल बरामद होने से संबंधित धारा और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को अंकुर विहार थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने के लिए टीम गठित की थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान 10 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान इस घटना में शामिल दो आरोपियों आकिब पुत्र यामीन और ध्यान सिंह पुत्र जग राज सिंह को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से चोरी के आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए थे। दोनों को जेल भेज दिया गया था। मामले की आगे की जांच में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को अंकुर विहार पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चोरी की घटना में शामिल सह-आरोपियों राजू उर्फ राज मोहम्मद पुत्र मो. रब्बानी निवासी ग्राम जट उसैत बदायूं, हाल निवासी नसबंदी कॉलोनी अंकुर विहार गाजियाबाद और आदिल पुत्र अशीर अहमद निवासी माली बिसौली बदायूं, हाल निवासी नसबंदी कॉलोनी अंकुर विहार गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी के आभूषण और नकदी बरामद: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के कई आभूषण बरामद हुए। इनमें दो चेन, एक गले का हार, दो कान के झुमके, एक पेंडल, दो कान के टॉप्स तथा एक अन्य गले का हार शामिल है। इसके अलावा 2,800 रुपये नकद भी बरामद किए गए। आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला। अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर आरोपी आदिल के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
साथियों के साथ मिलकर की थी चोरी: पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास से बरामद रुपये और आभूषण उन्होंने अपने साथियों आकिब और ध्यान सिंह के साथ मिलकर डीएलएफ क्षेत्र स्थित एक बंद मकान से चोरी किए थे। चोरी के बाद माल को आपस में बांट लिया गया था। पुलिस के अनुसार, तमंचे के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी आदिल ने बताया कि वह इसे लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने पास रखता था। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
Tags
गाजियाबाद