भूकंप से लेकर आकाशीय बिजली तक, एनडीआरएफ ने छात्रों को सिखाए बचाव के गुर

गाजियाबाद की एनडीआरएफ टीम ने कासगंज में पटियाली के एसबीआर इंटर कॉलेज में स्टूडेंट्स को दी ट्रेनिंग

कासगंज/पटियाली
8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गाजियाबाद की टीम द्वारा जिला प्रशासन कासगंज के समन्वय एवं सहयोग से आपदा जोखिम न्यूनीकरण और जनजागरूकता के लिए लगातार प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पटियाली स्थित एसबीआर इंटर कॉलेज में स्कूल सेफ्टी एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने, त्वरित प्रतिक्रिया देने तथा बचाव एवं राहत के उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न आपदा प्रबंधन तकनीकों का अभ्यास किया।
भूकंप के दौरान ‘ड्रॉप-कवर-होल्ड’ का कराया अभ्यास: प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को भूकंप जैसी आपदा के समय अपनाई जाने वाली Drop-Cover-Hold तकनीक का प्रत्यक्ष अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही सुरक्षित निकासी और अग्नि सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। एनडीआरएफ विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम, सतर्कता और सही निर्णय लेना बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी आपात स्थिति में पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही दूसरों की सहायता के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
CPR और प्राथमिक उपचार की दी जानकारी: कार्यक्रम में विद्यार्थियों को  प्राथमिक उपचार, CPR और बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) की तकनीकों का प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा किसी व्यक्ति के गले में भोजन या अन्य वस्तु फंसने यानी  Choking की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए Heimlich Manoeuvre Technique के बारे में जानकारी दी गई और इसका अभ्यास भी कराया गया।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए किया जागरूक:
 
एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को आकाशीय बिजली से होने वाले खतरे और इससे बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। विद्यार्थियों को पूर्व चेतावनी के महत्व की जानकारी देते हुए Sachet App और Damini App की उपयोगिता समझाई गई। टीम ने बताया कि इन ऐप के माध्यम से मौसम और आकाशीय बिजली से संबंधित चेतावनियों की जानकारी समय रहते प्राप्त की जा सकती है। चेतावनी मिलने पर तत्काल आवश्यक सावधानी बरतते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए।
जागरूकता और तैयारी ही सबसे बड़ा बचाव: एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि आपदा के समय जागरूकता, धैर्य, सतर्कता और सही जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है। आपदा कभी बताकर नहीं आती, लेकिन पूर्व तैयारी और सही समय पर सही कदम उठाकर उसके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने एनडीआरएफ द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आपदा की स्थिति में सही निर्णय लेने और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा करने का आत्मविश्वास विकसित होता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल आपदाओं के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आपात परिस्थितियों में स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए सक्षम एवं आत्मविश्वासी बनाना भी रहा। एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित करते हुए उनसे यह संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने