क्रेडिट कार्ड बिल जमा कराने के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

ठगी की रकम से ऑनलाइन खरीदे गए मोबाइल और महंगे कई गैजेट बरामद

गाजियाबाद।
इंदिरापुरम थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड का बकाया बिल जमा कराने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर खरीदारी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से  10 आईफोन, एक Boat AirPods, एक Chrome ईयरबड्स, एक Philips ट्रिमर, एक Philips गारमेंट स्टीमर, एक पावर बैंक, तीन मोबाइल एडॉप्टर और 1,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार,10 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने खुद को ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग का कर्मचारी बताकर उसके खाते से करीब 3,12,589 रुपये की राशि अनधिकृत तरीके से ऑनलाइन निकाल ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए  11 सितंबर 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण पुत्र उदय सिंह निवासी गली नंबर-17, स्वरूप नगर दिल्ली तथा अंकित कुशवाह पुत्र कुंवर पाल निवासी आई-ब्लॉक लिवासपुर टाउन दिल्लीके रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों मिलकर लोगों को क्रेडिट कार्ड का बकाया बिल जमा कराने के नाम पर अपने जाल में फंसाते थे। इसके लिए वे अलग-अलग प्रकार के लिंक तैयार कर लोगों के मोबाइल नंबर पर भेजते थे। लिंक के माध्यम से क्रेडिट कार्ड का बिल जमा कराने की बात कहकर पीड़ितों से रकम ट्रांसफर कराई जाती थी।  आरोपियों के अनुसार, पीड़ितों द्वारा लिंक के माध्यम से रकम ट्रांसफर किए जाने के बाद वे उस धनराशि को दुकानदारों या ऑनलाइन स्टोर के खातों में सामान खरीदने के भुगतान के रूप में ट्रांसफर कर देते थे। इसके बाद उन दुकानों से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान प्राप्त कर लेते थे। आरोपी ठगी से प्राप्त रकम से आईफोन, ईयरबड्स, ट्रिमर, गारमेंट स्टीमर, पावर बैंक और मोबाइल एडॉप्टर जैसे सामान ऑनलाइन खरीदते थे। पुलिस द्वारा मामले में ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने