अंडर-19 टीम ने जीता रजत, अंडर-17 में देव का स्वर्ण के साथ अखिल भारतीय स्तर पर चयन
साहिबाबाद। वृंदावन स्थित रामकली देवी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित क्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर, राजेंद्र नगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-19 बहनों की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल कर रजत पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में भैया देव ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वर्णिम प्रदर्शन के साथ भैया देव ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित होने वाली वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल है।
खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश रघुवंशी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कैलाश राघव, प्रबंधक केशव कुमार और उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के परिश्रम, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिवार ने अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए चयनित भैया देव को विशेष शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
Tags
गाजियाबाद