गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वैभव खंड स्थित आदित्य मेगा सिटी में शनिवार को पांचवीं मंजिल पर एक फ्लैट के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की विकरालता के कारण पूरे टावर में घना और दमघोंटू धुआं भर गया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शनिवार 12 सितंबर 2026 को दोपहर 2:12 बजे वैशाली फायर स्टेशन को सूचना मिली कि इंदिरापुरम की आदित्य मेगा सिटी के एक बहुमंजिला टावर में फ्लैट के स्टोर रूम में आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र वैशाली प्रभारी दो फायर टेंडर लेकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि टावर की पांचवीं मंजिल स्थित फ्लैट संख्या GC-502 के स्टोर रूम में आग तेजी से फैल रही थी। सोसायटी के मेंटेनेंस कर्मचारियों द्वारा प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन आग की तीव्रता के कारण पूरे टावर में घना, विषैला और दमघोंटू धुआं फैल गया था। इस स्थिति में दमकल कर्मियों को भवन के अंदर पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने तेजी से मोर्चा संभाला और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।
बीए सेट पहनकर फ्लैट में दाखिल हुए दमकलकर्मी: दमकल टीम ने भूतल से हॉज लाइन को सीढ़ियों के रास्ते ऊपर तक पहुंचाया और भवन में पहले से स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम का भी इस्तेमाल किया। आग के कारण धुएं से भरे फ्लैट में प्रवेश करने के लिए दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (BA Set) का इस्तेमाल किया।वहीं, आधुनिक एग्जॉस्ट उपकरणों की मदद से टावर और फ्लैट में भरे घने धुएं को बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों के समन्वित प्रयास से आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।
आग फैलने से पहले रोकी गई, बड़ा हादसा टला: फायर विभाग के मुताबिक, फ्लैट के स्टोर रूम में रखी सामग्री और उसके आसपास मौजूद घरेलू सामान आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, आग को आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया। भवन में पहले से स्थापित स्वचालित अग्निशमन प्रणाली और दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे के समय दुर्घटनाग्रस्त फ्लैट में किराएदार मोहित गोयल अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में फ्लैट के मालिक ने एसी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की जांच अभी की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद