व्यापारी का पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, 19 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदे गए मोबाइल बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले में पुलिस ने गांधी नगर के कपड़ा व्यापारी से हुई करीब 30 लाख रुपये की लूट का महज 8 घंटे में खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति जिसमें 19 लाख रुपये नकद और लूट की रकम से खरीदे गए मोबाइल फोन शामिल हैं, बरामद की है। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और स्कूटी भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
स्कूटी में टक्कर मारकर व्यापारी से छीना था नकदी से भरा बैग: शाहदरा जिले के डीसीपी आरपी मीणा के अनुसार, गांधी नगर का एक कपड़ा व्यापारी घटना वाले दिन सुबह अपनी दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक बैग में करीब 30 लाख रुपये की नकदी थी। शुरुआत में पुलिस ने स्नैचिंग की धाराओं में मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान घटना की प्रकृति सामने आने पर मुकदमे को रॉबरी (लूट) की धाराओं में तब्दील कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से 7-8 घंटे में खुला मामला: वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसीपी गांधी नगर और कृष्णा नगर थाना एसएचओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने महज 7 से 8 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में दीपक मुख्य साजिशकर्ता है। दीपक करीब एक महीने पहले तक पीड़ित कपड़ा व्यापारी के यहां काम करता था। इस वजह से उसे व्यापारी के पैसों की आवाजाही, रकम ले जाने के समय और आने-जाने के रास्ते की पूरी जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी को निशाना बनाने की योजना तैयार की और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
19 लाख नकद और लूट की रकम से खरीदे मोबाइल बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये की बरामदगी की है। इसमें 19 लाख रुपये नकद तथा लूट की रकम से खरीदे गए नए मोबाइल फोन शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी चोरी की थी, जिसे 5 सितंबर को शाहदरा इलाके से ही चोरी किया गया था।
लूट के बाद पार्टी में खर्च किए 80-90 हजार रुपये: पूछताछ में पुलिस को यह भी पता चला कि वारदात के बाद आरोपियों ने पार्टी की थी। इस दौरान उन्होंने करीब 80 से 90 हजार रुपये खर्च कर दिए। डीसीपी आरपी मीणा के मुताबिक, मामले में कुल पांच आरोपी शामिल हैं, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से उमंग के खिलाफ मार्च 2024 में आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे मामले में अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
Tags
दिल्ली