विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फंदे से लटककर मौत के मामले में कार्रवाई
गाजियाबाद। कौशांबी थाना पुलिस ने विवाहिता की मौत के मामले में वांछित पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना और दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति, ससुर और सास शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को वादी नेपाल सिंह ने कौशांबी थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी रविकुमार, कुंवरपाल और अनीता मृतका कोमल को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर कोमल ने फंदे से लटककर जान दे दी।शिकायत के आधार पर कौशांबी थाने में संबंधित धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 91 बढ़ाई गई तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में भी बदलाव किया गया। पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को कौशांबी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवरपाल उर्फ कुमारपाल (58), रविंद्र सिंह उर्फ रविकुमार (28) और अनीता (55) के रूप में हुई है। तीनों डी-75, कॉमनवेल्थ सेक्टर-2, वैशाली, थाना कौशांबी, गाजियाबाद के निवासी बताए गए हैं।
2025 में हुई थी कोमल की शादी: पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, रविंद्र सिंह उर्फ रविकुमार की शादी वर्ष 2025 में कोमल से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद से ही परिवार में परिस्थितियां सामान्य नहीं थीं और आए दिन कहासुनी व विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, इसी परिस्थितियों से आहत होकर कोमल ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि, मृतका के मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना और दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। इन आरोपों की जांच विवेचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी रिश्तेदारी में जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान यूपी गेट के पास पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Tags
गाजियाबाद