तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और लॉक खोलने वाला ‘मास्टर की’ उपकरण बरामद
गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें तथा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाला लोहे का टी-शेप उपकरण बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसी उपकरण की मदद से मोटरसाइकिलों के लॉक खोलकर चोरी करते थे।पुलिस के अनुसार, 15/16 सितंबर 2026 की रात साहिबाबाद थाना पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शहीदनगर चौकी क्षेत्र से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोमीन (27), जुनैद (27) और नईम उर्फ चीरा उर्फ कालिया (33) के रूप में हुई है। तीनों शहीदनगर, साहिबाबाद क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाला एक लोहे की पट्टी से बना टी-शेप उपकरण भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में इस उपकरण को मोटरसाइकिल का लॉक खोलने के लिए इस्तेमाल करने की बात बताई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नवीन पार्क से बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल करीब एक महीने पहले चोरी की थी। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल करीब 20-25 दिन पहले दिल्ली के संगम विहार से चोरी करने की बात बताई गई है। एक अन्य स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को जुनैद और मोमीन द्वारा पिछले वर्ष कल्लन चौक से चोरी किए जाने की जानकारी पुलिस को पूछताछ में मिली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी दिल्ली और गाजियाबाद में वाहन चोरी की वारदातें करते थे। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
शिकायतों के बाद पुलिस कर रही थी जांच: पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2025 को मोनू पुत्र आश मोहम्मद निवासी शहीदनगर ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दी थी। वहीं 23 अगस्त 2026 को नवीन पार्क साहिबाबाद निवासी अभिषेक सत्यम यादव ने घर के नीचे खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस टीमों को घटनाओं के अनावरण के लिए लगाया गया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद इन मामलों की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास: पुलिस के मुताबिक, नईम के खिलाफ साहिबाबाद, टीला मोड़ और शालीमार गार्डन थानों के अलावा दिल्ली में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, लूट, छिनैती, एनडीपीएस एक्ट और बरामदगी से संबंधित मामले शामिल हैं। मोमीन के खिलाफ साहिबाबाद थाने में वाहन चोरी समेत पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि जुनैद के खिलाफ साहिबाबाद थाने में वाहन चोरी और बरामदगी से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों और आरोपियों से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Tags
गाजियाबाद