लोनी में प्लॉट के कब्जे को लेकर पथराव और फायरिंग के मामले में बाप-बेटा समेत तीन गिरफ्तार

गोली लगने से एक व्यक्ति हुआ था घायल; लाइसेंसी रिवॉल्वर व कारतूस बरामद
गाजियाबाद।
थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने प्लॉट के कब्जे को लेकर हुए विवाद में फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वादी और अन्य लोगों पर पथराव करने के बाद जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई। गोली पीड़ित को न लगकर मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति संदीप को लग गई थी, जिसका इलाज जारी है।
एसीपी लोनी अमरदीप मौर्य के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को वादी ने थाना लोनी बॉर्डर में तहरीर दी कि आरोपी ऋषिपाल, विक्रान्त, गजेन्द्र और एक अज्ञात व्यक्ति ने प्लॉट के कब्जे को लेकर उसके तथा अन्य लोगों पर पथराव किया। आरोप है कि इसके बाद वादी को जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई गई। गोली वादी को नहीं लगी, बल्कि संदीप पुत्र कृष्णपाल निवासी बेहट को लग गई। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।
पुलिस टीम ने 21 सितंबर 2026 को ही मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिपाल पुत्र जगदीश निवासी बलराज नगर लोनी, विक्रान्त पुत्र ऋषिपाल निवासी बलराज नगर लोनी और गजेन्द्र पुत्र विरमदेव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से फील्ड यूनिट द्वारा एक रिवॉल्वर, 9 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 27/30 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ऋषिपाल ने बताया कि उसने अपने बेटे विक्रान्त के साथ मिलकर विवादित प्लॉट के कब्जे को लेकर विपक्षी पक्ष के नेपाल सिंह पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। हालांकि गोली नेपाल सिंह को न लगकर संदीप को लग गई। पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि गजेन्द्र भी उनके साथ हुए विवाद के दौरान मौके पर मौजूद था।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने