नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील
गाजियाबाद। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को लक्ष्य एक उड़ान फाउंडेशन ट्रस्ट ने नगर निगम की टीम के सहयोग से हिंडन छठ घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान संस्था के स्वयंसेवकों ने घाट परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छ एवं हरित गाजियाबाद का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से नदियों में मूर्ति विसर्जन, प्लास्टिक तथा पूजा सामग्री न डालने की अपील की। स्वयंसेवकों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया गया। संस्था की ओर से स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन की भागीदारी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर तजुज गंभीर, संस्था अध्यक्ष सुषमा गंगवार, अंजू सिंहा, नीलम, अनीता सीघ, सीमा, अमित कुमार, लव यादव, भूपेंद्र सिंह और अंजलि सिंह सहित अन्य स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
गाजियाबाद

