शम्भु दयाल दयानन्द वैदिक सन्यास आश्रम का 71वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न

सामाजिक समरसता यज्ञ, वैदिक प्रवचन और भजनोपदेश से गूंजा आश्रम परिसर

गाजियाबाद। दयानन्द नगर स्थित शम्भु दयाल दयानन्द वैदिक सन्यास आश्रम का 71वां स्थापना दिवस समारोह विजय पाल कसाना की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञब्रह्मा डॉ. आचार्य आर्यनरेश वाचस्पति के निर्देशन में सामाजिक समरसता यज्ञ से हुआ। वेदपाठ संजीव आर्य एवं पं. उदयवीर शास्त्री ने किया। 
यज्ञ में वीरपाल सिंह मलिक, दिनेश गोयल, अनुपम गोयल, चौधरी अजय, राहुल सिंघल, श्रीमती अनिल रंजीता, मानव अग्रवाल, राजीव गुप्ता सहित अन्य श्रद्धालु मुख्य यजमान रहे। यज्ञ के दौरान सभी यजमानों के सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। मुजफ्फरनगर से पहुंचे आर्य जगत के सुप्रसिद्ध भजनोपदेशक पंडित सतीश सुमन ने भजनों के माध्यम से ऋषि महिमा का गुणगान किया। उनके भजनों से श्रोता भावविभोर हो उठे।
योग को जीवन जीने की कला बताया: 
यज्ञब्रह्मा डॉ. आचार्य आर्यनरेश वाचस्पति ने ‘पातंजल योग की दैनिक जीवन में प्रासंगिकता’ विषय पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सार्थक बनाने की कला है। उन्होंने महर्षि पतंजलि के योग दर्शन और श्रीमद्भगवद्गीता के स्वाध्याय पर बल दिया। उन्होंने कहा कि “चित्त की वृत्तियों का निरोध योग है।” यदि जीवन समाधान की ओर बढ़ रहा है तो यह योग की दिशा है, जबकि उलझनें बढ़ रही हैं तो व्यक्ति योग से दूर जा रहा है। उन्होंने गीता के सिद्धांत ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्मों में कुशलता ही योग है। सुख-दुःख, लाभ-हानि और जय-पराजय में समान भाव बनाए रखना ही योग का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति के भीतर समत्व भाव आता है तो उसकी कार्यक्षमता स्वतः बढ़ती है। दैनिक कर्तव्यों को ईमानदारी, निपुणता और समाज कल्याण की भावना से करना ही कर्मयोग है।
मनुस्मृति और वैदिक परंपरा पर वक्ताओं ने रखे विचार: 
मुख्य वक्ता ठाकुर विक्रम सिंह, अध्यक्ष राष्ट्र निर्माण पार्टी, ने कहा कि महर्षि मनु प्रथम विधि-प्रणेता एवं धर्मगुरु हैं, जिन्होंने यज्ञ परंपरा के प्रवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मनुस्मृति एवं वैदिक व्यवस्था से जुड़े विचार रखते हुए कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति का अपना कर्तव्य और दायित्व है। उन्होंने अपने आगामी कार्यक्रम ‘दयानंद दिग्विजय रथ’ की जानकारी देते हुए कहा कि इसके माध्यम से पाखंड खंडनी पताका के साथ देशभर में भ्रमण कर विशुद्ध मनुस्मृति के प्रचार-प्रसार का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने महर्षि दयानंद से संबंधित स्मारक एवं प्रतिमा स्थापित किए जाने की भी जानकारी दी।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष विजय पाल कसाना ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही समाज को सही दिशा प्रदान कर सकती है। विशिष्ट अतिथि वीरपाल सिंह मलिक ने सामाजिक समरसता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि समाज में भाईचारा और समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
पुस्तक के लिए पं. उदयवीर शास्त्री सम्मानित: 
समारोह के दौरान अमर स्वामी प्रकाशन विभाग के संपादक लाजपत राय ने पंडित उदयवीर शास्त्री द्वारा लिखित ज्ञानवर्धक पुस्तक ‘राजगुरु एवं सुखदेव’ के लिए उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा 11 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। मंच संचालन सत्यकेतु सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि वैदिक परंपराओं में यज्ञ का विशेष महत्व है और इन परंपराओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मनुस्मृति के 12 अध्यायों से संबंधित जानकारी भी साझा की।
समारोह में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, नगर निगम कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, आर.डी. स्टील के निदेशक सुभाष गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर बालेश्वर त्यागी, नरेश त्यागी, सेवाराम त्यागी, प्रवीण आर्य, त्रिलोक शास्त्री, वेद व्यास, चौधरी मंगल सिंह, सुभाष शर्मा, देवेंद्र मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आश्रमाचार्य जितेंद्र आर्य ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। अंत में शांतिपाठ एवं ऋषि लंगर के साथ स्थापना दिवस समारोह का समापन हुआ।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने