भूकंप, अग्निकांड, आकाशीय बिजली और मेडिकल इमरजेंसी से निपटने का दिया प्रशिक्षण
कासगंज। 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) गाजियाबाद की टीम द्वारा जनपद कासगंज में जून माह से लगातार तैनात रहकर जिला प्रशासन के समन्वय से विद्यालयों, संस्थानों और गांवों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में टीम कमांडर निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, लभेड़, गंजडुंडवारा में विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने के लिए प्रत्यक्ष एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण कराया गया। भूकंप के दौरान ‘ड्रॉप-कवर-होल्ड’ तकनीक, सुरक्षित निकासी तथा अग्नि सुरक्षा के उपायों का अभ्यास कराया गया। एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) की तकनीकों का प्रदर्शन कर उनका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया। इसके अलावा किसी व्यक्ति के गले में वस्तु फंसने यानी चोकिंग की स्थिति में सहायता के लिए हाइमलिख मैन्युवर तकनीक की जानकारी दी गई और उसका अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आकाशीय बिजली से बचाव तथा मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए Sachet App और Damini App के उपयोग एवं उनकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया।
घबराने के बजाय संयम से लें निर्णय: एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, संयम और सही जानकारी के साथ त्वरित निर्णय लेना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आपदा से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता और तैयारियों को बढ़ावा देना है, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके तथा जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
Tags
गाजियाबाद