बिना नंबर प्लेट की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, मेरठ से चोरी दो बाइकों का खुलासा
गाजियाबाद। थाना मोदीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बिना नंबर प्लेट लगी चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें दो मोटरसाइकिलें मेरठ से चोरी की गई थीं, जबकि अन्य दो वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना मोदीनगर पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त आर्यन उर्फ राकेश कश्यप निवासी शंकरपुरी दिसोखर मोदीनगर और शादाब उर्फ अंडा पुत्र इंतजार निवासी किदवईनगर मोदीनगर को गिरफ्तार किया गया।
झाड़ियों में छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइक: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं और उन्हें सार रोड गोविंदपुरी के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा था। दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस चेकिंग में पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बिना नंबर प्लेट लगी कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में दो मोटरसाइकिलें मेरठ से चोरी की गई थीं। अन्य दो मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।शादाब पर पहले से चार मुकदमे: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शादाब उर्फ अंडा के खिलाफ थाना मोदीनगर में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और मारपीट समेत चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा मेरठ जनपद में बरामद दो मोटरसाइकिलों की चोरी के संबंध में दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में चेकिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच लगातार जारी है।
Tags
गाजियाबाद