डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने संस्थापक सुषमा गंगवार को प्रदान किया प्रशस्ति पत्र
गाजियाबाद। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए लक्ष्य एक उड़ान फाउंडेशन को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष सुषमा गंगवार को सेवा कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रशासन द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और जागरूकता के प्रयासों को पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। लक्ष्य एक उड़ान फाउंडेशन की ओर से महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री का वितरण, वृक्षारोपण, साइबर क्राइम से बचाव तथा सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान लगातार आयोजित किए जाते हैं। फाउंडेशन की टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों की सहायता करने का कार्य किया जा रहा है।
प्रशस्ति पत्र मिलने पर फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष सुषमा गंगवार ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने फाउंडेशन की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
Tags
गाजियाबाद