मेरठ पहुंचा ‘नमो भारत अनप्लग्ड’, सुरों से गुलजार हुआ बेगमपुल स्टेशन

हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक यात्रियों को मिलेगा लाइव म्यूजिक का आनंद, सीजन-3 का आगाज

मेरठ।
यात्रियों के सफर में संगीत और सुकून के रंग भरने वाली एनसीआरटीसी की लोकप्रिय पहल ‘नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज़’ अब मेरठ पहुंच गई है। श्रृंखला के तीसरे सीजन का शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर शानदार आगाज हुआ। संगीतकारों की प्रस्तुतियों ने यात्रियों और संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया और स्टेशन का माहौल सुरमयी हो उठा।
अब प्रत्येक शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर लाइव म्यूजिक की यह महफिल सजेगी। बीते दो वर्षों में मिली शानदार प्रतिक्रिया और यात्रियों की मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने इस संगीत श्रृंखला का विस्तार मेरठ तक किया है। 
‘स्वरांग’ और अंशुमन द्विवेदी ने बांधा समां: उद्घाटन कार्यक्रम में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (MIET) के म्यूजिकल बैंड ‘स्वरांग’ ने अपनी प्रस्तुतियों से यात्रियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं युवा कलाकार अंशुमन द्विवेदी ने अपनी गायकी से लोगों का दिल जीत लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान यात्रियों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। कई यात्री गीतों के साथ गुनगुनाते और झूमते नजर आए, जबकि अनेक लोगों ने इस संगीतमय शाम को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच यात्रियों के लिए यह आयोजन एक खुशनुमा और यादगार अनुभव बन गया। 
प्रमुख मोबिलिटी हब है बेगमपुल स्टेशन: 
मेरठ शहर के केंद्र में स्थित बेगमपुल नमो भारत स्टेशन कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों में शामिल है। आबू लेन मार्केट और शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र के बीच स्थित यह भूमिगत स्टेशन नमो भारत के साथ-साथ मेरठ मेट्रो की सेवाएं भी उपलब्ध कराता है। यात्रियों की बड़ी संख्या के कारण यह स्टेशन शहर के महत्वपूर्ण मोबिलिटी हब के रूप में उभर चुका है। ऐसे में यात्रियों की लगातार आवाजाही के बीच आयोजित होने वाली ये संगीतमय शामें स्टेशन के अनुभव को और जीवंत बनाने का काम करेंगी। 
स्टेशनों को जीवंत सार्वजनिक स्थल बनाने की पहल: एनसीआरटीसी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को रोजमर्रा के सफर के बीच कुछ पल रुककर संगीत का आनंद लेने और साथी यात्रियों के साथ साझा सांस्कृतिक अनुभव का अवसर देना है। साथ ही युवाओं, विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों को अपनी प्रतिभा लोगों के सामने प्रस्तुत करने के लिए खुला मंच उपलब्ध कराना भी इसका उद्देश्य है। एनसीआरटीसी का प्रयास है कि नमो भारत स्टेशन केवल आवागमन के केंद्र न रहकर लोगों के अनुभवों, कला और रचनात्मकता से जुड़ने वाले जीवंत सार्वजनिक स्थलों के रूप में भी विकसित हों। 
2024 में गाजियाबाद से शुरू हुआ था सफर: 
‘नमो भारत अनप्लग्ड: लाइव म्यूजिकल फ्राइडेज़’ का पहला सीजन 2024 में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया गया था। इसके बाद 2025 में आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर दूसरे सीजन का आयोजन हुआ। दोनों सीजन के दौरान प्रत्येक शुक्रवार शाम यात्रियों को लाइव संगीत का आनंद मिला और इस पहल को लोगों की ओर से उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया मिली। अब सीजन-3 के साथ सुरों का यह सफर बेगमपुल नमो भारत स्टेशन, मेरठ पहुंच गया है। हर शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे तक यात्री अपने सफर के साथ संगीत का आनंद भी उठा सकेंगे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने