चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, सोने के आभूषण व 65 हजार रुपये बरामद

गाजियाबाद।
थाना कविनगर पुलिस ने घर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण तथा 65 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को जयन्त पत्रु जगदीश प्रसाद निवासी आई-299, 04 गोविंदपुरम, थाना कविनगर ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर की अलमारी से सोने के आभूषण, सोने के सिक्के और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना कविनगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू की।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 10 सितंबर 2026 को एनडीआरएफ ग्राउंड के पहले गेट के पास चौकी क्षेत्र गोविंदपुरम से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर पुत्र यासीन, निवासी रसूलपुर सिकरोड़, थाना मसूरी, गाजियाबाद, उम्र 21 वर्ष तथा अनवर पुत्र अख्तर, निवासी कल्लूगढ़ी ईदगाह वाली मस्जिद के पास, थाना मसूरी, गाजियाबाद, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब छह दिन पहले आई-ब्लॉक गोविंदपुरम स्थित एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी किए गए आभूषणों को बेचने के लिए वे निकले थे। आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बराबर बांटने की योजना थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पैसों की कमी के चलते चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पीली धातु के गोल कानों के कुंडल, एक जोड़ी पीली धातु के लटकनदार कानों के कुंडल, जिनमें तीन-तीन रैन लटकी हुई हैं, एक पीली धातु की अंगूठी, एक पीली धातु की नगदार अंगूठी, 65,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और बरामदगी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने