खोड़ा में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सात लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद का दावा; तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

गाजियाबाद।
थाना खोड़ा पुलिस ने बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर फायरिंग के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुबोध उर्फ मिंटू (46) पुत्र हरबीर निवासी ग्राम भनैड़, बावरी शामली, हाल निवासी विश्वास नगर फर्श बाजार दिल्ली के रूप में हुई है। 
पुलिस के मुताबिक, 21 जून 2026 को खोड़ा कॉलोनी निवासी सीताराम पाल ने शिकायत दी थी कि उनकी गली नंबर-14 में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। घटना वाले दिन सुबह वह दुकान पर बैठे थे, तभी हेलमेट पहने दो युवक स्कूटी से वहां पहुंचे और कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उन पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह बाल-बाल बच गए। शिकायतकर्ता ने पूर्व में ऋषिकेश, शोभरन, सत्यप्रकाश, रूपेश और देवेंद्र से हुए विवाद का भी उल्लेख करते हुए इन लोगों पर शक जताया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना खोड़ में धारा 109(1)/191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। 
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए टीम गठित कर मैनुअल इनपुट, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर सुबोध उर्फ मिंटू को इंदिरापुरम अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की। इसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने अपने साथी छोटू, निवासी जिला बेतिया, बिहार के साथ मिलकर सीताराम पर फायरिंग की थी। आरोपी के अनुसार, उसने सीताराम को करीब सात लाख रुपये उधार दिए थे और बार-बार पैसे मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिल रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि रुपये मांगने पर सीताराम कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज करता था और पैसे नहीं देने की बात कहता था। इसी विवाद से नाराज होकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर 21 जून को सीताराम को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आरोपी के साथी छोटू समेत अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए टीमों के माध्यम से तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने