एसएचओ अवधेश त्रिपाठी की टीम की मेहनत से कम समय में हुआ ब्लाइंड किडनैपिंग केस का खुलासा; मुख्य आरोपी की तलाश जारी
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र से 8 वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को महोबा से गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के बरामद होने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। एसएचओ अवधेश त्रिपाठी की टीम की तत्परता और लगातार प्रयासों की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 16 सितंबर 2026 को पप्पू कालोनी से 8 वर्षीय बच्ची को आजाद पुत्र नौशाद अपने साथ ले गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद 17 सितंबर को थाना शालीमार गार्डन में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस टीम ने मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच में राजेन्द्र यादव पुत्र गुमान सिंह यादव, उम्र करीब 24 वर्ष, का नाम सामने आया।
महोबा पहुंची पुलिस टीम, आरोपी गिरफ्तार: एसीपी के मुताबिक, राजेन्द्र यादव मूल रूप से ग्राम टोल सोयम, थाना चरखारी, जनपद महोबा का रहने वाला है और वर्तमान में शालीमार गार्डन क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 सितंबर 2026 को उसके पैतृक गांव टोल सोयम, थाना चरखारी, महोबा से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आई घटना की कड़ी: पुलिस पूछताछ में राजेन्द्र यादव ने बताया कि वह आजाद को पहले से जानता है। उसके अनुसार, 16 सितंबर को आजाद बच्ची को वादी के घर से अपने साथ लेकर आया था और पप्पू लोनी के कब्रिस्तान के पास उसे राजेन्द्र को सौंप दिया था। इसके बाद राजेन्द्र बच्ची को अपने गांव टोल सोयम, थाना चरखारी, महोबा लेकर चला गया। पुलिस अब मामले में फरार बताए जा रहे आजाद पुत्र नौशाद की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश कर रही है। एसीपी ने बताया कि बच्ची से भी बात करने के प्रयास किए जा रहा है। बच्ची को आजाद ने अगवा करके राजेंद्र यादव को क्यों सौंपा था, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मानव तस्करी समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बच्ची का मेडिकल भी करवाया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद
