“ऑपरेशन प्रहार” के तहत चेकिंग के दौरान कार्रवाई, छुरे, गंडासा और रस्सियां बरामद
गाजियाबाद। मसूरी थाना पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चेकिंग अभियान के दौरान गोकशी की योजना बना रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार छुरे, एक गंडासा, लकड़ी का गट्टा, दो खाली कट्टे और दो रस्सियां बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को मसूरी थाना पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग गोकशी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र सलीम (36), सोनू उर्फ खिजर अली पुत्र अजमत अली (27), वसीम पुत्र सलीम (30) और जाहिद पुत्र मोहम्मद उमर (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चार छुरे, एक गंडासा, एक लकड़ी का गट्टा, दो खाली कट्टे और दो रस्सियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर मसूरी थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 312/313/3(5) BNS और 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों आपस में दोस्त हैं और कथित तौर पर जंगल में घूमने वाले आवारा पशुओं को पकड़कर उन्हें काटने तथा उनके मांस को चोरी-छिपे बेचने की योजना बनाते थे। आरोपी 21 सितंबर की रात मसूरी के जंगल क्षेत्र में गोकशी करने की योजना बनाकर एक स्थान पर एकत्र हुए थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और कथित तौर पर गोकशी से संबंधित सामान बरामद किया।
तीन आरोपियों पर कई मुकदमे दर्ज: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मसूरी थाने में इस मामले से संबंधित एक मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा जाहिद के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और गोकशी से संबंधित 10 मुकदमे, सलमान के खिलाफ लूट और चोरी के 6 मुकदमे तथा वसीम के खिलाफ लूट और चोरी के 7 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
गाजियाबाद