तीसरी मंजिल के डी-304 फ्लैट में धधकी आग; दो फायर टेंडर और वाटर बाउजर ने संभाला मोर्चा, आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले आग पर पाया काबू
गाजियाबाद। इंदिरापुरम के वैभव खंड स्थित पार्श्वनाथ मैजेस्टिक आवासीय परिसर में बुधवार दोपहर तीसरी मंजिल के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। फ्लैट से आग की तेज लपटें उठने की सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर मौके के लिए रवाना किए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के अनुसार, फायर स्टेशन वैशाली को दोपहर 1:32 बजे वैभव खंड स्थित पार्श्वनाथ मैजेस्टिक आवासीय परिसर के एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन की टीम दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर डी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट संख्या डी-304 में आग तेजी से धधकती मिली। फ्लैट की मालकिन अनीता खेत्रपाल (लगभग 60 वर्ष) भी मौके पर मौजूद थीं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के निर्देशन में अग्निशमन कर्मियों ने तीसरी मंजिल से होज पाइप लटकाकर होज लाइन बिछाई। इसके बाद फायर कर्मी फ्लैट के अंदर दाखिल हुए और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन दल के तत्परता और समन्वित प्रयासों के चलते कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। टीम ने आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति फंसा नहीं था। सभी लोग समय रहते भवन से बाहर निकल गए थे। घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, फ्लैट के अंदर रखा घरेलू सामान आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
Tags
गाजियाबाद