गाजियाबाद। मुरादनगर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पीड़िता के बरामद होने के बाद उसके बयान और एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई थीं।
पुलिस के मुताबिक 21 जुलाई 2026 को मुरादनगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर अपनी करीब 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने और वापस नहीं आने की सूचना दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने नाबालिग को बरामद कर लिया। इसके बाद उसके बयान और साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 64(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
जांच के दौरान आरोपी के रूप में प्रमोद पुत्र राजकुमार का नाम सामने आया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस के अनुसार, शनिवार 12 सितंबर 2026 को मुरादनगर थाना पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रमोद पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम तैसर गौंडा अलीगढ़, हाल निवासी कस्बा लोनी गाजियाबाद को मुरादनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पीड़िता को करीब एक वर्ष से जानता था और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम किया।
Tags
गाजियाबाद