क्लब जाने के शौक में पड़ोसी के घर से नकदी-सोने का चुराया हार, दो गिरफ्तार

टीला मोड़ थाना पुलिस ने तुलसी निकेतन के फ्लैट से हुई चोरी का खुलासा, हार व नगदी बरामद

गाजियाबाद।
टीला मोड़ पुलिस ने फ्लैट से हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब दो लाख रुपये का सोने का हार और 5,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को तुलसी निकेतन निवासी हैदर अब्बास ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह 15 जून को परिवार के साथ अपने गांव मीरापुर, मुजफ्फरनगर गए थे। 5 अगस्त को घर लौटने पर अलमारी खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि शादी के लिए रखे करीब ढाई से तीन लाख रुपये की नकदी और सोने का गले का हार गायब था।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर टीला मोड़ थाने में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। घटना का खुलासा करने के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई। पुलिस ने मैनुअल जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 9 सितंबर 2026 को तुलसी निकेतन पशु चिकित्सालय, भौपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान और रिहान उर्फ बाबू के रूप में हुई है। दोनों रहीस खान के बेटे हैं और तुलसी निकेतन के फ्लैट नंबर 1606 में रहते थे। अभी उनका पता ओ ब्लॉक सुंदर नगरी, दिल्ली है। इमरान की उम्र लगभग 25 साल और रिहान की उम्र लगभग 19 साल है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें क्लब जाने का शौक था। अपना शौक पूरा करने के लिए उन्होंने पड़ोसी के फ्लैट से नकदी और सोने का हार चुराया था। एसीपी के अनुसार, चोरी की रकम में से 5,000 रुपये और हार बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2)/331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने