CEIR पोर्टल से मिली शिकायतों पर पुलिस ने ढूंढ निकाले 500 चोरी-गुम मोबाइल
गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन जोन में चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थानों की पुलिस ने साइबर और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर 500 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए है। पहचान और जरूरी जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि मोबाइल चोरी या गुम होने की शिकायतें CEIR पोर्टल पर दर्ज थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर टीमों ने तकनीकी जानकारी, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से मोबाइल की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से फोन बरामद किए गए।
इंदिरापुरम से सबसे ज्यादा 111 मोबाइल बरामद: पुलिस के मुताबिक, कौशांबी थाना क्षेत्र से सबसे ज्यादा 111 मोबाइल बरामद हुए। इंदिरापुरम पुलिस ने 100, साहिबाबाद ने 81, खोड़ा ने 66, टीला मोड़ ने 54, शालीमार गार्डन ने 45 और लिंक रोड पुलिस ने 43 मोबाइल बरामद किए। इस तरह सभी थानों की कार्रवाई में कुल 500 मोबाइल फोन पुलिस के हाथ लगे। डीसीपी ने बताया कि मोबाइल फोन की तलाश के लिए थाना पुलिस के साथ साइबर और सर्विलांस टीमों को लगाया गया था। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध इनपुट के आधार पर मोबाइल की जानकारी जुटाई। लगातार निगरानी और जांच के बाद अलग-अलग जगहों से फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की पहचान उनके वास्तविक मालिकों से कराई गई। जरूरी सत्यापन के बाद सभी फोन उन्हें वापस सौंप दिए गए।
फोन वापस मिला तो खिले लोगों के चेहरे: मोबाइल मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और टीमों का धन्यवाद किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल में लोगों की निजी जानकारी, बैंकिंग से जुड़ी डिटेल और जरूरी दस्तावेज रहते हैं। ऐसे में फोन चोरी या गुम होने से आर्थिक नुकसान के साथ लोगों को मानसिक परेशानी भी होती है। मोबाइल वापस मिलने से लोगों को काफी राहत मिली है। पुलिस ने बताया कि CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags
गाजियाबाद