नंदग्राम से चोरी की टीवीएस अपाचे बरामद, फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को देते थे अंजाम
गाजियाबाद। थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने वाहन चोरी और राहगीरों से स्नैचिंग करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नंदग्राम थाना क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और उस पर लगी फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन और अन्य सामान छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे।पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 को क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चित्रावन सोसाइटी के पास संदिग्ध गतिविधि में शामिल दो युवकों को पकड़ लिया गया। उनकी पहचान अमन उर्फ लल्लू (22) पुत्र असलम निवासी जाट वाली गली, एसडी इंटर कॉलेज के पास, अशोक विहार, लोनी और रिहान (20) पुत्र शाहिद निवासी अखाड़े वाली गली, मेहताब मेडिकल स्टोर के पास, अशोक विहार, लोनी के रूप में हुई।
चोरी की बाइक पर लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे मोटर साइकिल बरामद की। मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस ने चेसिस नंबर के माध्यम से जांच की तो पता चला कि बाइक थाना नंदग्राम क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस संबंध में नंदग्राम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज पाया गया। मोटरसाइकिल की बरामदगी के संबंध में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में भी धारा 317(2)/341(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने करीब तीन महीने पहले नंदग्राम क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदलकर उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे इसी मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे और मौका देखकर उनका मोबाइल फोन आदि छीन लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी बाद में मजबूरी का हवाला देकर छीने गए मोबाइल फोन को रास्ते में ही बेच देते थे और उससे प्राप्त रकम अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
पहले से भी दर्ज हैं कई मुकदमे: पुलिस जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार रिहान के खिलाफ कुल दो मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जिनमें एक नंदग्राम थाने में चोरी से संबंधित है। वहीं अमन उर्फ लल्लू के खिलाफ तीन अन्य मुकदमों की जानकारी सामने आई है। इनमें थाना अंकुर विहार में स्नैचिंग से संबंधित एक मामला और थाना लोनी में चोरी का माल बरामद होने से संबंधित एक मुकदमा शामिल है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में दर्ज वर्तमान मुकदमे को मिलाकर अमन के खिलाफ कुल चार मुकदमे बताए गए हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
Tags
गाजियाबाद