एसएस ऑटो डील्स एजेंसी और आदर्श ऑटो टेम्पो एसोसिएशन आमने-सामने, आरोप-प्रत्यारोप लगाए

आदर्श ऑटो टेम्पो एसोसिएशन ने आरटीओ को पत्र देकर एजेंसी पर मानकों की अनदेखी का लगाया था आरोप, अब एजेंसी मालिक ने एसोसिएशन पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया

सुमित शर्मा
----------------
गाजियाबाद। दिल्ली-यूपी बॉर्डर चिकम्बरपुर स्थित एसएस ऑटो डील्स एजेंसी को लेकर आदर्श ऑटो टेम्पो एसोसिएशन और एजेंसी संचालक आमने-सामने आ गए हैं। एसोसिएशन ने एजेंसी पर निर्धारित मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जिला संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) से जांच की मांग की है। वहीं, एजेंसी मालिक ने एसोसिएशन के अध्यक्ष के खिलाफ रंगदारी मांगने, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
एसएस ऑटो डील्स के संचालक आशीष बंसल का आरोप है कि आदर्श ऑटो टेम्पो एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा एसोसिएशन के खर्चे के नाम पर उनसे 25 हजार रुपये प्रतिमाह की मांग की जाती है। उनका कहना है कि शुरुआत में उन्होंने कई बार रुपये दिए, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें धमकी दी गई कि रुपये नहीं देने पर एजेंसी का काम बंद करा दिया जाएगा। आशीष बंसल के मुताबिक, इससे पहले भी 26 दिसंबर 2024 को उनके खिलाफ शिकायत की गई थी। उस शिकायत के बाद आरटीओ और सिटी मजिस्ट्रेट स्तर से मैसर्स एसएस ऑटो डील्स की जांच कराई गई थी। उनका दावा है कि जांच में एजेंसी, सर्विस सेंटर और पार्ट्स से संबंधित निर्धारित मानक पूरे पाए गए थे तथा एजेंसी से बेची गई गाड़ियों की सर्विस भी समय-समय पर कराए जाने की बात सामने आई थी। एजेंसी मालिक ने आरोप लगाया कि एसोसिएशन अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों द्वारा आरटीओ, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के समक्ष बार-बार शिकायतें देकर उनकी फर्म और उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे उन्हें और उनके कर्मचारियों को सुरक्षा को लेकर चिंता है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार: वहीं आदर्श ऑटो टेम्पो एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर धर्मेन्द्र सिंह ने एजेंसी मालिक द्वारा लगाए गए रंगदारी और धमकी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि एसएस ऑटो डील्स एजेंसी पर वाहनों को ठीक कराने के लिए ले जाने पर कोई तकनीकी रूप से प्रशिक्षित मिस्त्री उपलब्ध नहीं रहता और अनट्रेंड मिस्त्रियों से वाहनों की मरम्मत कराई जाती है। धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि इसी मामले को लेकर उनके द्वारा जिलाधिकारी और आरटीओ विभाग को शिकायत दी गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा सकती है और यदि पुलिस इस पूरे मामले की जांच करती है तो वह जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। 
जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट: मामले को लेकर एसीपी ने फिलहाल इस तरह की शिकायत की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि यदि मामला संज्ञान में आता है तो शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक ही मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। एसोसिएशन जहां एजेंसी की कार्यप्रणाली और मानकों की जांच की मांग कर रही है, वहीं एजेंसी संचालक ने एसोसिएशन पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने