अब साक्ष्यों के आधार पर होगी विवेचना, गड़बड़ी मिलने पर विवेचक पर गिरेगी गाज

पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गाजियाबाद पुलिस का नया निर्देश, हर बुधवार होगा वादी संवाद

गाजियाबाद।
पीड़ितों को न्याय दिलाने और अपराधियों को सजा दिलाने में विवेचनात्मक कार्रवाई की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में विवेचनाओं की गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने सभी विवेचकों और पर्यवेक्षण अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) की जांच में पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के सिद्धांतों का पालन किया जाए। इन निर्देशों की अनदेखी करने वाले विवेचकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, आपराधिक न्याय प्रणाली में विवेचना एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसी को ध्यान में रखते हुए विवेचनात्मक कार्रवाई के दौरान Transparency (पारदर्शिता), Impartiality (निष्पक्षता) और Probity (शुचिता) यानी TIP सिद्धांत अपनाने पर जोर दिया गया है। प्रत्येक FIR की जांच में विवेचक को इन सिद्धांतों के अनुरूप कार्रवाई करनी होगी। 
साक्ष्यों के आधार पर होगी विवेचना: पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि अभियुक्तों की नामजदगी बढ़ाने या हटाने तथा धाराओं में वृद्धि अथवा लोप करने की कार्रवाई नियमानुसार और साक्ष्यों के आधार पर की जाए। इस संबंध में पहले जारी किए गए परिपत्रों का भी पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। विवेचकों के कामकाज की निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित पर्यवेक्षण अधिकारी और पुलिस उपायुक्त (DCP) की होगी। यदि भविष्य में किसी विवेचना में TIP सिद्धांतों या पूर्व में जारी निर्देशों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित विवेचक के विरुद्ध प्रतिकूल दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। 
हर बुधवार होगा वादी संवाद दिवस: पीड़ितों और वादियों की समस्याओं, सवालों तथा आशंकाओं का समाधान करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों में प्रत्येक बुधवार को वादी संवाद दिवस आयोजित किया जाता है। इस दौरान विवेचनाधीन मामलों के वादियों को संबंधित थाने पर आमंत्रित किया जाता है, जहां वे विवेचक से मुकदमे की प्रगति और जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, वादी संवाद दिवस का उद्देश्य निष्पक्ष एवं साक्ष्य आधारित विवेचना सुनिश्चित करने के साथ पीड़ितों के मन में उठने वाले सवालों और आशंकाओं को दूर करना है। इस दौरान विवेचकों को सभ्य एवं शालीन व्यवहार के साथ वादियों के प्रश्नों का नियमानुसार उत्तर देने के निर्देश हैं। 
गिरफ्तारी और कानूनी प्रावधानों की भी मिलेगी जानकारी; वादी संवाद दिवस पर संबंधित विवेचक मामले की जांच में हुई प्रगति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी की स्थिति तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के लागू प्रावधानों के बारे में भी जानकारी देगा। पुलिस कमिश्नरेट की इस व्यवस्था के माध्यम से पीड़ितों को विवेचना की स्थिति से अवगत कराने, जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने और पुलिस एवं आमजन के बीच संवाद बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने