सात हुक्के समेत भारी सामान बरामद, कैफे संचालक फरार
गाजियाबाद। राजनगर क्षेत्र में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना पर कविनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सात हुक्के, 10 पाइप, छह चिलम, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के बड़े-छोटे पैकेट व डिब्बे, हुक्का तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कोयले के दो डिब्बे, एक बिल बुक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, गुरुवार 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एस्टोरिया ब्लूवर्ड के बेसमेंट स्थित कैफेस्ट कैफे में संचालक द्वारा अवैध रूप से ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम सेक्टर-3, राजनगर स्थित कैफे पहुंची। पुलिस के मुताबिक, बेसमेंट में कई लोग अलग-अलग टेबल के आसपास बैठे थे और टेबल पर हुक्के रखे हुए थे। वहां मौजूद लोग बारी-बारी से हुक्का पी रहे थे। हुक्के का धुआं कैफे के हॉल और सीढ़ियों तक फैला हुआ था। पुलिस टीम को देखते ही कैफे संचालन से जुड़े एक व्यक्ति ने शोर मचाते हुए लोगों को पुलिस के आने की जानकारी दी। इसके बाद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से चार युवकों को पकड़ लिया। उनके कब्जे में हुक्के मिले और वे हुक्का तैयार करने की प्रक्रिया में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल (22), मोहम्मद गुल्लू (22), दीपक कुमार (22) और देवेंद्र (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी गाजियाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कैफे में हुक्का लगाने और ग्राहकों को परोसने का काम करते हैं। पैसे और बिलिंग का काम उनका मालिक देखता है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पुलिस को देखकर मालिक मौके से पैसे और अन्य सामान लेकर फरार हो गया। टेबल पर बैठे लोग ग्राहक थे, जो कैफे संचालक की आवाज सुनकर पुलिस के पहुंचने से पहले वहां से भाग गए।आरोपियों ने यह भी बताया कि हुक्का तैयार करने की अन्य सामग्री कैफे में एक स्थान पर रखी गई थी तथा शेष हुक्के भी वहीं मौजूद थे। मामले में कैफे संचालक समेत फरार अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
