गाजियाबाद एनडीआरएफ की टीम ने हाईराइज रेस्क्यू का किया प्रदर्शन
कासगंज। भूकंप जैसी आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने विकास भवन परिसर, कासगंज में मॉक अभ्यास आयोजित किया। इस दौरान भूकंप से क्षतिग्रस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और ऊंची इमारतों में बचाव अभियान चलाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।वाहिनी कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास का पर्यवेक्षण वाहिनी के द्वितीय कमान पवन देव गौर ने किया। इंस्पेक्टर चमन किशोर गुप्ता के नेतृत्व में एनडीआरएफ के 31 सदस्यीय दल ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आलोक कुमार गुप्ता और जिला आपदा विशेषज्ञ दीपमा वर्मा भी उपस्थित रहीं।
मॉक अभ्यास में जिला प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, अग्निशमन विभाग, आपदा मित्र तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान भूकंप से भवन क्षतिग्रस्त होने और उसमें लोगों के फंसने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। इसके बाद एनडीआरएफ के जवानों ने विशेष बचाव तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
अभ्यास में हाईराइज रेस्क्यू की तकनीकों को भी प्रदर्शित किया गया। विभिन्न विभागों और एजेंसियों ने आपसी तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में अपनी भूमिका निभाई। इस दौरान आपातस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव कार्यों के संचालन और प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
वाहिनी के द्वितीय कमान पवन देव गौर ने बताया कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदाओं से निपटने के लिए संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करना और उनके बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि वास्तविक आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभ्यास महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित मॉक अभ्यास से बचाव दलों और संबंधित विभागों की कार्यक्षमता बढ़ती है तथा आपसी समन्वय मजबूत होता है। इससे वास्तविक आपदा के दौरान जन-धन की हानि कम करने और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत पहुंचाने में मदद मिलती है।





