बरसात में सड़कों पर होता है जलभराव, जीटी रोड का नाला ऊंचा-नाली नीचे, कैसे हो गंदे पानी की निकासी?
मंगल सिंह चौहान----------------------
साहिबाबाद। नगर निगम के वार्ड नंबर 86 राजेंद्र नगर सेक्टर 5 के राधेश्याम पार्क में चारों तरफ नालियां जाम पड़ी हुई है। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि नाली में जल निकासी न होने के कारण चारों तरफ बरसात के मौसम में सड़कों पर बेसमेंटों में गंदा पानी भर जाता है जिसकी वजह से बरसाती कीड़े मच्छर जहरीले कीड़े पनपते हैं और जानलेवा बीमारियां पैदा होती है। लोगों का यहां तक कहना है कि कई-कई बार पार्षद और नगर निगम के कर्मचारियों अधिकारियों से भी शिकायत की गई, परेशानी बताई गई मगर कोई भी अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
रही बात नाली साफ करने की तो नगर निगम के कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने भी नहीं आते और यदि कभी साफ करने आते भी हैं तो नाली से थोड़ा बहुत मलबा निकाल कर बाहर कर देते हैं मगर उसे उठाने में ही महीनों लग जाते हैं जिसकी वजह से निकला हुआ मलबा दोबारा नाली में भर जाता है और नाली जाम हो जाती है। बात करें बड़े नाले में पानी पहुंचाने का तो राधेश्याम पार्क का पानी जीटी रोड पर बने नाले में जाता है और जीटी रोड का नाला ऊंचा होने के कारण नालियां नीची पड़ जाती हैं और उनका पानी वापस कॉलोनी की तरफ ही आता है, नाले में नहीं जाता। पानी वहीं का वहीं जाम हो जाता है और कूड़ा कचरा भी वहीं पर जमा हो जाता है जिसकी वजह से पानी बिल्कुल भी नहीं निकल पाता।
कई जगह तो स्लोप ना होने के कारण नाली बिल्कुल सूखी पड़ी है या फिर पूर्ण रूप से बंद है। स्थानीय संभ्रांत नागरिकों का कहना है कि जब तक नाले से ऊंची नाली नहीं होगी तब तक गंदे पानी का निकलना संभव नहीं है और लोग इसी तरह गंदगी से परेशान होते रहेंगे। नगर निगम के कर्मचारियों अधिकारियों को चाहिए कि समय-समय पर क्षेत्र का निरीक्षण कर जहां पर भी नाली जाम की समस्या हो उसे साफ कराते हुए क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए जिससे क्षेत्र के नागरिकों, बच्चों को संक्रामक रोगों से बचाया जा सके क्योंकि बदलते मौसम में ऐसी बीमारियां गंदगी की वजह से ही पैदा होती हैं।
जहरीले कीड़े मौत को दावत देते हैं। इलाज में आदमी तन से मन से और धन से हर तरह से बर्बाद होता है और कभी-कभी तो अपनी जान से भी हाथ धो बैठता है। ऐसे में विभाग को चाहिए की समय-समय पर प्रत्येक जगह का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था पर ध्यान दें और प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में भागीदारी करे।
Tags
गाजियाबाद
