सत्यम पंडित और पिंकी चौधरी के बीच का विवाद सोशल मीडिया पर गरमाया

करीब तीन मिनट के वीडियो में सत्यम पंडित ने पिंकी चौधरी और उनके समर्थकों को किया संबोधित, कथित साजिश और शिकायतों को लेकर दी प्रतिक्रिया

गाजियाबाद।
हिंदूवादी नेता सत्यम पंडित और हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी के बीच चल रहा विवाद अब सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ गया है। सत्यम पंडित ने करीब तीन मिनट का एक वीडियो जारी कर पिंकी चौधरी और उनके समर्थकों पर निशाना साधा है। वीडियो में उन्होंने अपने खिलाफ कथित साजिश रचे जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ कुछ भी हासिल नहीं होगा। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में सत्यम पंडित का कहना है कि पिंकी चौधरी और उनके समर्थक उनके खिलाफ कुछ तलाश रहे हैं तथा लोगों से उनके विरुद्ध कार्रवाई योग्य सामग्री उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ ऐसा कोई तथ्य नहीं मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अगले 20 वर्षों तक उनके खिलाफ षड्यंत्र किया जाता रहा, तब भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकेगा। उन्होंने खुद को किसी के सहारे की जरूरत नहीं होने की बात भी कही। 
पुराने मामले का हवाला देकर पिंकी चौधरी पर साधा निशाना: सत्यम पंडित ने वीडियो में दिल्ली में एक हिंदू युवती से जुड़े पुराने मामले का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जब युवती को दिल्ली से उठाए जाने और पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया था, तब उन्होंने उसके पक्ष में आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि आपसी संबंध चाहे जैसे भी हों, किसी के निजी राज सार्वजनिक नहीं किए जाने चाहिए। इसके बाद उन्होंने पिंकी चौधरी पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने कभी किसी बिल्डर के खिलाफ शिकायत नहीं की, किसी बिल्डर को डराकर पैसे नहीं लिए और गौ माता के नाम पर कभी एक रुपया नहीं लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने किसी हिंदू बहन-बेटी को गलत तरीके से जेल नहीं भिजवाया। 
बोले- न कभी डरे हैं और न दबे हैं: 
वीडियो के एक अन्य हिस्से में सत्यम पंडित ने खुद को ब्राह्मण परिवार से बताते हुए कहा कि वह न कभी डरे हैं और न दबे हैं। उन्होंने पिंकी चौधरी और उनके समर्थकों को उन्हें परेशान नहीं करने की नसीहत दी और कहा कि ऐसा करने से विवाद और बढ़ सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास कई मामलों से जुड़ी जानकारी और साक्ष्य मौजूद हैं। उनके मुताबिक, शिकायतें किन लोगों के नाम से कराई जाती हैं, किससे संपर्क किया जाता है, कौन सी गाड़ियां कहां पहुंचती हैं और प्लॉटिंग से जुड़े मामलों में किन लोगों की भूमिका है, इसकी जानकारी उन्हें है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। सत्यम पंडित द्वारा वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस संबंध में पिंकी चौधरी का पक्ष सामने आना बाकी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने