सीमापुरी बिल्डिंग हादसाः गर्भवती महिला समेत अब तक 4 मौत, मलबे में जिंदगी की तलाश जारी

नई सीमापुरी में बुधवार को हुआ था हादसा, अस्पताल में 8 घायलों का इलाज जारी

पूर्वी दिल्ली।
सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत ढहने से मलबे में दबे लोगों को रेस्क्यू करने का अभियान गुरूवार सुबह भी जारी रहा। इस हादसे में अब तक एक गर्भवती महिला समेत चार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। सभी को रेस्क्यू कर राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया है। बुधवार को हादसे सूचना के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, एमसीडी और एनडीआरएफ के अलावा एंबुलेंस की टीमों ने जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया था। स्थानीय लोग भी मलबा हटाने में शामिल रहे। देर रात करीब 11 लोगों को बाहर निकाला गया, जिसमें लगभग चार महीने की गर्भवती गुलफशा (21), एक बच्चे और 12 साल की लड़की की मौत हो गई। बच्चे और लड़की की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं घायलों की पहचान अब्दुल (28), अब्दान (3), मोमीन मिर्जा (56), सलमा (50), दबरुद्दीन (28), समद (30), सकीना (35) और छोटे (34) के तौर पर हुई है। गुरूवार सुबह भी मलबे में जिंदगियों की तलाश जारी रही। गुरूवार सुबह इस हादसे में चैथी मौत की सूचना भी मिली। 
बता दें कि बुधवार दोपहर को न्यू सीमापुरी में ई-ब्लॉक, ई-401 नंबर वाली चार मंजिला इमारत भरभरा कर गिर गई थी। करीब 25 वर्ग गज की जमीन पर बनी यह इमारत लगभग 20 से 25 साल पुरानी थी। बताया जा रहा है कि इसमें रहने वाले लोग कचरा और प्लास्टिक बीन कर परिवार चलाते हैं। हादसे के समय कुछ लोग इमारत के मलबे की चपेट में आ गए। इमारत गिरने से आसपास की कुछ इमारतों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के असर से पास की मस्जिद की चारदीवारी भी गिर गई। देर शाम तक 11 लोगों को मलबे से निकाला गया, जिसमें चार महीने की गर्भवती महिला गुलफशा, 12 साल की लड़की और एक बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक बचाव व राहत कार्य जारी रहा। मलबे के अंदर और लोग तो नहीं फंसे हैं। इसका भी पता किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि मंगलवार रात आए भूकंप के बाद इमारत में दरार दिखाई देने लगी थी। 
मां से रह गई गर्भवती गुलाफ्शां की आखिरी मुलाकात:
हादसे के वक्त गुलाफ्शां अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ डी-ब्लॉक स्थित अपनी मां से मिलने आई थी, लेकिन भवन के अचानक मलबे में तब्दील होने से बाहर खड़ी गर्भवती भी चपेट में आ गई। मलबे के नीचे दबी गुलाफ्शां काफी देर तक मोबाइल फोन के जरिए अपने पिता और बहन सबीना से मैं जिंदा हूं, बचा लो... कहकर गुहार लगाती रही, लेकिन जब तक बचाव दल उस तक पहुंच पाता, तब तक उसने दम तोड़ दिया। मां से उसकी यह मुलाकात आखिरी साबित हुई। बाहर सबीना कभी बचाव कर्मियों से बहन और उसके साथ दो और जिंदगियों को बचा लेने के लिए गुहार लगाती रही। उसके जिंदा होने के सबूत के तौर पर मोबाइल पर कॉल लाग दिखाती रही। उसने कहा कि उसकी बहन के पेट में बच्चा है और उसके साथ छोटी बच्ची भी है, उसे जल्दी बाहर निकाल लो। वहीं, घटना के दौरान हसीना मलबे में दबी अपनी 56 वर्षीय मां हाजरा को निकालने के लिए बचावकर्मियों से अपील करती रही। सुरक्षा घेरा में लगे कर्मियों से आगे जाने देने की गुहार के साथ यह कहती रही कि मेरी मां इसी मलबे के नीचे दबी है। हसीना ने बताया कि इसी के पीछे के मकान में उसकी मां रहती थी। घटना के वक्त वह इसी गली से घर जा रही थीं, तभी मकान गिर गया।
3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएंः 2022 से 2025 तक यानी 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के 1133 मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने