श्याम पार्क में 15 दिन में शुरू होगी पेयजल आपूर्ति, जलभराव रोकने को जीटी रोड की ग्रीन बेल्ट में लगेगा पंपिंग सेट

आरडब्ल्यूए और पार्षद सचिन डागर की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा, दिवाली से पहले कॉलोनी को रोशन करने और आवारा पशुओं के खिलाफ अभियान चलाने का आश्वासन
साहिबाबाद।
श्याम पार्क कॉलोनी में पेयजल संकट, टूटी सड़कों और जलभराव जैसी समस्याओं के समाधान को लेकर श्याम पार्क मेन रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और वार्ड-60 के निगम पार्षद सचिन डागर के बीच बैठक हुई। बैठक में पार्षद ने अगले 15 दिनों में पेयजल आपूर्ति शुरू कराने, जलभराव से निजात दिलाने और दिवाली से पहले पूरी कॉलोनी में रोशनी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा नालियों, सड़कों और सामुदायिक केंद्रों के निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी भी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन महासचिव संजीव गौड़ ने किया। बैठक में कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके समयबद्ध समाधान की मांग की गई। बैठक में गली नंबर-4 सहित कॉलोनी के अन्य हिस्सों में पेयजल की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। इस पर पार्षद सचिन डागर ने अगले 15 दिनों में पानी की आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जीटी रोड की ग्रीन बेल्ट में पंपिंग सेट लगवाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
कॉलोनी में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पानी को रोकने के उपाय तलाशने के लिए नगर निगम के जलकल और निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र का दौरा करेगी। टीम जलभराव के कारणों का आकलन कर समस्या के समाधान के विकल्प सुझाएगी।
पार्षद ने बताया कि कॉलोनी की गली नंबर-1, 2 और 4 की सड़कें बन चुकी हैं। इसके अलावा लगभग पूरी कॉलोनी में नालियों का निर्माण कराया जा चुका है। शर्मा पनीर भंडार के पास गली नंबर-3 से लेकर लाजपत राय कॉलेज के दक्षिण-पूर्वी कोने तक गली नंबर-4 में शेष नाली का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार करने को दे दिया गया है। गली नंबर-1 की सड़क का निर्माण फिलहाल नहीं होगा, क्योंकि वहां सीवर लाइन डाली जानी है। सीवर का काम पूरा होने के बाद सड़क बनाई जाएगी। वहीं, तिकोना पार्क और रामलीला ग्राउंड में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के टेंडर पास हो चुके हैं।
दिवाली से पहले रोशन होगी पूरी कॉलोनी: कॉलोनी में पर्याप्त रोशनी नहीं होने की समस्या पर पार्षद ने आश्वासन दिया कि दिवाली से पहले पूरी कॉलोनी को रोशनी से जगमग किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास ऐसे बिजली के खंभों की जानकारी दें, जहां रोशनी की व्यवस्था नहीं है, ताकि वहां आवश्यक इंतजाम कराए जा सकें। पार्षद ने कॉलोनी में आवारा पशुओं की समस्या से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात भी कही। उन्होंने अतिक्रमण को जलभराव और सफाई व्यवस्था में बाधा का एक प्रमुख कारण बताते हुए लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की।
बंद कट खुलने से लोगों को राहत: बैठक में थाने के सामने बंद किए गए कट को खुलवाने के लिए पार्षद द्वारा किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। इस कट के खुलने से कॉलोनी के निवासियों और स्थानीय व्यापारियों को राहत मिलने की बात कही गई।
बैठक में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान, महासचिव संजीव गौड़, सतीश सिंह, चंचल सिंह, जया गुप्ता, गीता शर्मा, आदेश चौधरी, हरी सिंह, चौधरी चंद्रभान सिंह, सुनील रस्तोगी, एडवोकेट दीपक सिन्हा, रंजीत चौहान, संदेश चौधरी, नीरज चौधरी, ईशान गौड़, अशोक अरोड़ा, महेश सिंह, राजेश तोमर, श्याम अरोड़ा, यतींद्र सिंह, एडवोकेट अजीत कुमार शर्मा, दुर्विजय सिंह सहित अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने