मोरटा गांव के रास्ते में कार सवार युवकों ने रोका था रास्ता; विरोध करने पर पिस्टल की बट से हमला करने का आरोप
गाजियाबाद। डगरपुर में आयोजित दंगल में हिस्सा लेने जा रही महिला पहलवानों के साथ मोरटा गांव के रास्ते में कथित तौर पर छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पहले उनका पीछा कर वाहन रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवकों ने महिलाओं और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान पिस्टल की बट से हमला कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया गया। मामले में नंदग्राम पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे शिकायतकर्ता परिवार की महिलाओं के साथ वाहन से डगरपुर में आयोजित दंगल में जा रहा था। मोरटा गांव के रास्ते पर कुछ युवक कार से उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि युवकों ने शिकायतकर्ता की बहन और बेटी के साथ छेड़छाड़ की तथा उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवकों ने उसके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों महिला पहलवानों को चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने पिस्टल की बट से हमला कर शिकायतकर्ता को भी घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, पीड़ित पहलवान वेव सिटी थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है। शिकायत के आधार पर नंदग्राम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में नामजद चार आरोपियों दीपक त्यागी, नितिन त्यागी, अरुण त्यागी और कपिल त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद

