सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर बढ़ेंगी ट्रेन ट्रिप्स, यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए एनसीआरटीसी बुधवार, 4 नवंबर से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू करने जा रही है। ये अतिरिक्त सेवाएं दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर संचालित की जाएंगी। एनसीआरटीसी की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और क्षेत्र में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में योगदान देना है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, हाल के दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की वायु गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 397 तक पहुंच गया है, जबकि नमो भारत कॉरिडोर के आसपास के प्रमुख क्षेत्रों गाजियाबाद और मेरठ में भी वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू किया गया है। इसके अलावा एक नवंबर से कुछ श्रेणियों के वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। ऐसे हालात में एनसीआरटीसी का मानना है कि सुविधाजनक और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन विकल्पों की उपलब्धता बढ़ाना जरूरी है। अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को आवागमन के लिए नमो भारत का विकल्प मिलेगा और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।
कई परिवहन साधनों से जुड़ते हैं नमो भारत स्टेशन: नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों को दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेल, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं के साथ जोड़ा गया है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख केंद्रों पर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इससे यात्रियों को एक परिवहन माध्यम से दूसरे माध्यम तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा नमो भारत कनेक्ट ऐप में लाइव पार्किंग ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से यात्री टिकट बुक करने से पहले ही पार्किंग की उपलब्धता देख सकते हैं और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।


