दिल्ली में डीटीसी को मिलेगा 12 मंजिला अत्याधुनिक मुख्यालय, 207 करोड़ आएगी लागत

दिल्ली परिवहन निगम व दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ 

नई दिल्ली: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) को जल्द ही एक आधुनिक, ऊर्जा-कारगर व अत्याधुनिक मुख्यालय मिलने जा रहा है. मंगलवार को आईटीओ स्थित आईपी बस डिपो पर DTC व दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (DSIIDC) के बीच इस परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ. समझौते के दौरान दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह और दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना राजधानी की परिवहन संरचना को नए स्वरूप में ढालने व उसे भविष्य की मांगों के अनुरूप तैयार करने के लिए दिल्ली सरकार के प्रयासों का हिस्सा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में लगभग 207 करोड़ रुपये की लागत से यह नया DTC मुख्यालय 26015.78 वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार किया जाएगा. मौजूदा मुख्यालय का ढांचा पुराना व सीमित हो चुका है, ऐसे में नई इमारत समय की जरूरत भी है.


कई हिस्सों में विकसित होगा परिसर: नए कॉम्प्लेक्स का कुल 26015.78 वर्ग मीटर क्षेत्र तीन हिस्सों में विभाजित किया जाएगा. 12234.54 वर्ग मीटर ऑपरेशनल क्षेत्र होगा. 6158 वर्ग मीटर में DTC मुख्यालय भवन होगा. 9681.71 वर्ग मीटर ग्रीन का बेल्ट होगा, जो कुल क्षेत्र का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा होगा. इस परियोजना के तहत 50 प्रतिशत क्षेत्र को कमर्शियल उपयोग में लाया जाएगा. परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह के अनुसार, इससे न सिर्फ DTC को अतिरिक्त आय होगी, बल्कि प्रोजेक्ट की आर्थिक व्यवहारिकता भी सुनिश्चित होगी.

200 बसों की पार्किंग, कारों के लिए भी सुविधा: नए मुख्यालय में ही करीब 200 बसों की पार्किंग व परिचालन क्षेत्र विकसित किया जाएगा. इसके साथ ही 200 से अधिक कारों के लिए बेसमेंट पार्किंग बनाई जाएगी. भवन में सोलर पैनल, STP, ETP, वर्षा जल संचयन, RO प्लांट जैसी सस्टेनेबल सुविधाएं भी होंगी.

ढाई साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य: परिवहन मंत्री ने कहा कि DTC की मौजूदा बिल्डिंग जर्जर हो चुकी थी और जगह भी कम पड़ रही थी. ऐसे में नए मुख्यालय की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी. अब यह परियोजना दिल्ली की बढ़ती ट्रांसपोर्ट आवश्यकताओं को सपोर्ट करेगी. 12 मंज़िला स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट बिल्डिंग का डिजाइन आधुनिक शहरी जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है. 12 मंज़िला अत्याधुनिक ऑफिस परिसर कमर्शियल एरिया के लिए अलग एक्सेस होगा. 3D, एरियल-व्यू और नाइट-व्यू आधारित प्लानिंग, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए अलग से प्रवेश–निकास द्वार होंगे. यह भवन न सिर्फ प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि राजधानी में बढ़ रहे इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े और स्मार्ट मोबिलिटी सिस्टम को भी सपोर्ट करेगा. परियोजना को लेकर समय-सीमा को लेकर परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार ने इसे ढाई वर्षों में पूरा करने का निर्देश दिया है. निर्माण का दायित्व DSIIDC के पास होगा. DTC का नया मुख्यालय राजधानी के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को नई मजबूती देगा. यह परियोजना भविष्य की मोबिलिटी जरूरतों व शहरी विकास के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर बनाई गई है. हमारी सरकार दिल्ली को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन ढांचे से लैस करने के लिए प्रतिबद्ध है.


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने