दिल्ली के अलीपुर में नकली इंजन ऑयल फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान 239 लीटर तैयार नकली इंजन ऑयल, 304 खाली बोतलें, 3,000 कैस्ट्रॉल बारकोड स्टिकर्स, 706 कैप्स बरामद हुए: डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी


नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैस्ट्रॉल लिमिटेड के नकली प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि पुलिस की जिला जांच इकाई (DIU) ने दिल्ली के बोधपुर, बिजापुर, अलीपुर क्षेत्र में चल रही इस अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में तैयार नकली तेल पैकिंग सामग्री बरामद की है.

डीसीपी ने बताया कि छापेमारी के दौरान 239 लीटर तैयार नकली इंजन ऑयल, 304 खाली बोतलें, 3,000 कैस्ट्रॉल बारकोड स्टिकर्स, 706 कैप्स, 11,220 एमआरपी स्टिकर्स, पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, उपकरण व नकली उत्पाद तैयार करने में उपयोग होने वाला 1 लीटर ऑरेंज कलर डाई बरामद किया गया है. सभी बरामद प्रोडक्ट एक ब्रांड के नाम पर बनाए जा रहे थे.

डीसीपी ने बताया कि 9 दिसंबर को DIU को सूचना मिली कि अलीपुर इलाके में कैस्ट्रॉल के नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं. सूचना विकसित की गई. इसके बाद एसीपी नरेंद्र खेड़ी के नेतृत्व व DIU टीम की त्वरित कार्रवाई में यह फैक्ट्री पकड़ी गई. छापेमारी के दौरान कैस्ट्रॉल लिमिटेड के अधिकारियों को भी साथ शामिल किया गया, जिससे मौके पर ही उत्पादों की पुष्टि की जा सके. डीसीपी ने बताया कि टीम ने प्रोसीजर का पालन करते हुए फैक्ट्री की तलाशी ली, जहां पर भारी मात्रा में तैयार नकली तेल, पैकिंग मैटेरियल और निर्माण उपकरण पाए गए. समय रहते की गई इस कार्रवाई से नकली इंजन ऑयल की बड़ी खेप बाजार में सप्लाई होने से बच गई.

डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. पहला अजय भारद्वाज, उम्र 27 वर्ष, निवासी सोनीपत, हरियाणा और दूसरा सचिन शर्मा, उम्र 22 वर्ष, निवासी जीवन विहार, सोनीपत, हरियाणा का है. दोनों आरोपी पिछले 6 मह से बोधपुर, बिजापुर, अलीपुर में यह नकली कैस्ट्रॉल उत्पाद तैयार कर दिल्ली के बाजार में सप्लाई कर रहे थे.


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने