यूपी में घुसपैठिए बर्दाश्त नहीं, सफाई भी जरुरी: योगी

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से की सहयोग की अपील 



लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़े अभियान का संकेत दे दिया है। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर जनता के नाम एक खुला पत्र साझा किया, जिसमें स्पष्ट किया गया कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार की घुसपैठ को स्वीकार नहीं करेगी। योगी ने इसे सीधे तौर पर प्रदेश की सुरक्षा और सामाजिक संतुलन से जुड़ा मामला बताया। मुख्यमंत्री द्वारा जारी यह चिट्ठी उस समय आई है जब राज्य के कई हिस्सों में संदिग्ध विदेशी नागरिकों की मौजूदगी की सूचना पुलिस और प्रशासन को मिल रही थी। सरकार पहले भी कई अभियानों में ऐसे लोगों को चिन्हित कर डिटेंशन केंद्र भेज चुकी है, लेकिन इस बार कार्रवाई और व्यापक तथा कठोर दिखाई दे रही है। अपने पत्र में सीएम योगी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश में अगर कोई व्यक्ति घरेलू काम, निर्माण कार्य, दुकानों या किसी भी व्यवसाय में कर्मचारी रखता है, तो उसकी पहचान की जांच करना उसकी जिम्मेदारी है। योगी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था तभी मजबूत बनेगी जब जनता सतर्क रहेगी और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। मुख्यमंत्री ने चिट्ठी में सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि ह्लघुसपैठियों के लिए लाल कालीन नहीं बिछाया जा सकता।ह्व योगी के अनुसार, यह टिप्पणी स्पष्ट करती है कि देश के संसाधनों पर अधिकार केवल नागरिकों का है, न कि उन लोगों का जो अवैध रूप से सीमा पार कर राज्य में रहते हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ उन्हीं तक पहुँचना चाहिए जिनके लिए वे बनाई गई हैं, इसलिए सार्वजनिक संसाधनों पर 'अनाधिकृत बोझ' हटाना आवश्यक है। योगी सरकार ने हाल ही में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान कर सूची तैयार करें। इसके लिए पुलिस, खुफिया एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन को मिलकर विशेष सत्यापन अभियान चलाने को कहा गया है। सरकार ने बताया कि जिन लोगों के पास वैध पहचान या दस्तावेज नहीं मिल रहे, उन्हें चिन्हित कर डिटेंशन केंद्र भेजा जा रहा है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। इसके लिए विभिन्न मंडलों में नए डिटेंशन केंद्र भी बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की सुरक्षा सरकार और नागरिकों दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उनका संदेश स्पष्ट था कि अगर किसी क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे लोग पाए जाते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्धि सुरक्षित माहौल पर निर्भर है और राज्य को किसी भी कीमत पर असामाजिक या अवैध तत्वों के लिए शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने लोगों से सतर्क रहने और किसी व्यक्ति को नियुक्त करने से पहले उसकी पहचान की पूरी जांच सुनिश्चित करने को कहा। 
  डिटेंशन सेंटरों की तैयारी: योगी ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ उन कमजोर वर्गों के लिए हैं, जिन्हें इनकी जरूरत है इन्हें अवैध घुसपैठियों तक नहीं पहुंचने दिया जा सकता। इसी उद्देश्य से विशेष दस्तावेज सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत घुसपैठियों को चिन्हित कर डिटेंशन सेंटर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर मंडल में डिटेंशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे कार्रवाई की प्रक्रिया और आसान हो सके।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने