दिल्ली के नेहरू विहार में चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, एक युवक की मौत

भाई गंभीर रूप से झुलसा, दुकान समेत स्कूटी और बाइक भी खाक

पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के थाना दयालपुर क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफाबाद स्थित नेहरू विहार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक चार मंजिला इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि इस चार मंजिला इमारत में साबिर अपने परिवार के साथ रहता है। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर मोबाइल बैटरी के कबाड़ का गोदाम बना हुआ है, जहां बैटरियों को चार्ज करने और छांटने का काम किया जाता था। वहीं, इमारत के तीसरे फ्लोर पर साबिर का परिवार रहता है। अचानक गोदाम में आग लग गई और तेजी से फैल गई।
डीसीपी आशीष मिश्रा के अनुसार यह हादसा नेहरू विहार की गली संख्या 18/8 में चार मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित दुकान में हुआ। घटना के समय बिल्डिंग के सामने रहने वाली एक महिला ने देखा कि ग्राउंड फ्लोर पर बने गोदाम से आग की लपटें उठ रही हैं। इसके बाद महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही बिल्डिंग के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। इस दौरान साबिर, उसकी पत्नी और उनके दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलस चुके जुनेद को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, समीर की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। इस हादसे में दो अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। युवक की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और इस तरह के गोदामों में सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने