डीसीपी वी0 हरेश्वर स्वामी बोले-विशेष अभियान में सभी दबोचे, कई वारदातों का खुलासा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बाहरी उत्तरी जिले में विशेष अभियान चलाकर 16 लुटेरों, झपटमारों और वाहन चोरों को धर दबोचा जिनसे चोरी के 10 वाहन, 11 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और हथियार भी बरामद किए हैं। डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि लुटेरों की गिरफ्तारी से नरेला औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाने में दर्ज डकैती के दो मामले, झपटमारी के आठ मामले, मोटर वाहन चोरी के सात मामले, हत्या के प्रयास का एक मामला और आर्म्स एक्ट का मामला सुलझा है।
डीसीपी के मुताबिक तीन जनवरी को मेट्रो विहार में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन, नकदी और दस्तावेज लूटने के मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों में 20 वर्षीय एक युवक भी शामिल है जो छह वारदातों में शामिल था। चार जनवरी को दर्ज डकैती के एक अन्य मामले में, बावना इलाके में एक स्कूटर सवार को चाकू दिखाकर उससे सोने के गहने, मोबाइल फोन, नकदी और स्कूटर लूटने के आरोप में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया। चोरी हुए गहने, स्कूटर और अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया। पुलिस ने सिरासपुर के एक कुख्यात लुटेरे और बदमाश को भलस्वा डेयरी से शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है। उसके पास से चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी से हत्या के प्रयास और छीना-झपटी समेत तीन और मामले सुलझाने में मदद मिली है। अलीपुर और समयपुर बादली इलाकों में भी झपटमारी के कई मामलों को सुलझाया गया, जिसमें आदतन अपराध करने वालों की गिरफ्तारी और अपराधों में इस्तेमाल किए गए चोरी के मोबाइल फोन और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
डीसीपी ने बताया कि अलग-अलग अभियानों में, पुलिस ने आटो-चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया और नरेला औद्योगिक क्षेत्र और स्वरूप नगर पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों से ट्रकों सहित चोरी के कई वाहन बरामद किए। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान चोरी के कुल 10 वाहन बरामद किए गए, जिनमें सात दोपहिया वाहन, दो ट्रक और एक कार शामिल हैं।
Tags
दिल्ली