पुरानी रंजिश में किया था कत्ल, अब दिल्ली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़े तीनों वारंटी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में करीब चार महीने पहले हुए सनसनीखेज बादशाह मर्डर केस का पर्दाफाश करते हुए तीन सगे भाइयों को बिहार के बेगूसराय जिले से धर दबोचा है। पुलिस के मुताबिक हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी और पूरी तरह से साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। गिरफ्तार आरोपी मनीष, राजेश उर्फ हड्डी और राजा आपस में सगे भाई हैं और वारदात के बाद से फरार चल रहे थे। डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि 20 सितंबर 2025 को जेजे कॉलोनी बवाना में दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात हुई थी। शिकायतकर्ता अकबर के अनुसार आरोपी मनीष और राजेश ने पहले उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। उसी रंजिश के चलते मनीष अपने दोनों भाइयों और अन्य साथियों के साथ अकबर और उसके दोस्तों पर हमला करने पहुंचा। इस हमले में अकबर के करीबी दोस्त बादशाह को कई बार चाकू मारे गए थे। घटना के तुरंत बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे वहीं गंभीर रूप से घायल बादशाह की बाद में मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर दर्ज की गई और जांच के दौरान तीनों भाइयों की भूमिका सामने आई। अदालत से आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किए गए थे। डीसीपी के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और दिल्ली छोड़कर बिहार में छिप गए थे। क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने बिहार के बेगूसराय में दबिश दी और तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी पंकज कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी मनीष पर पहले से 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य साथियों और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।