तंत्र क्रिया से रातों-रात मालामाल बनने की युक्ति सुझाने वाला खुद ही हुआ बलि का शिकार

दोस्तों ने शराब के नशे में हत्या कर शव को ऑटो समेत जलाया, दो दोस्त गिरफ्तार

एसीपी सिद्धार्थ गौतम बोले-जल्द होगी तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी

गाजियाबाद।
ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव को ऑटो में जलाने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बैटरी ऑटो और गैस सिलेंडर बरामद किया गया है।
दरअसल 16 जनवरी को नितिन ने थाने में शिकायत दी कि उसके भाई नवीन की अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव को ऑटो में डालकर जला दिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 17 जनवरी को पंचलोक गेट के पास से पवन (25) और सागर उर्फ पंडित (24) नाम के दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि नवीन उनका दोस्त था। कुछ दिन पहले  नन्दू उर्फ नवीन उन्हें और एक अन्य दोस्त को दिल्ली में एक तांत्रिक के पास ले गया था। वहां बातचीत के दौरान तांत्रिक ने कहा था कि किसी करीबी व्यक्ति की बलि देने से धन और ईश्वर के दर्शन हो सकते हैं। आरोपियों का कहना है कि नवीन की बातों से उन्हें डर लगने लगा कि वह किसी तांत्रिक क्रिया के लिए उनकी हत्या कर सकता है।
इसी डर के चलते उन्होंने सागर के कमरे पर नवीन को बुलाया और गैस सिलेंडर से उसके सिर और कमर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर बैटरी ऑटो में रखा गया और ट्रोनिका सिटी के एक सुनसान इलाके में ऑटो में आग लगा दी गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सीसीटीवी और ऑटो के रजिस्ट्रेशन के नंबर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने पवन और सागर को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी नसीम फरार है। तीसरे आरोपी नसीम की गिरफ्तारी जल्द होगी। घटना में इस्तेमाल सिलेंडर और ऑटो बरामद किया है। आरोपी पवन पर हत्या का एक मुकदमा दर्ज है जबकि सागर पर कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने