नगर निगम ने पुलिस के साथ मिलकर रेहड़ी पटरी और अवैध दुकानों के अतिक्रमण को हटाया
पूर्वी दिल्ली: दिल्ली के प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल आनंद विहार में शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई हुई. आनंद विहार अंतरराज्यीय बस अड्डा, रेलवे टर्मिनल और मेट्रो स्टेशन होने के कारण दिल्ली की कनेक्टिविटी का अहम केंद्र है. इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुछ समय पहले आनंद विहार को जीरो टॉलरेंस ट्रैफिक जोन बनाने की मुहिम शुरू की थी.अब इस अभियान को और तेज करते हुए दिल्ली नगर निगम भी इसी मुहिम में शामिल हो गया.
एमसीडी प्रशासन ने दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर की कार्रवाई: आनंद विहार एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई का गवाह बना. दिल्ली का यह इलाका न केवल राजधानी के बड़े ट्रैफिक पॉइंट्स में गिना जाता है. बढ़ते ट्रैफिक जाम, अव्यवस्थित यातायात और लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए आनंद विहार बस टर्मिनल के बाहर अवैध रूप से बनी दुकानों और रेहड़ी-पटरी वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. एमसीडी प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में पूरे इलाके से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया.
रोजाना यहां जाम और संकरी सड़कों से हो रही थी परेशानी: बताया जा रहा है कि आनंद विहार टर्मिनल के बाहर लंबे समय से अवैध बाजार लग रहा था, जिससे सड़कें संकरी हो गई थीं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रोजाना हजारों की संख्या में आने-जाने वाले यात्रियों के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी. यहां अतिक्रमण और अवैध दुकानों के चलते न केवल ट्रैफिक प्रभावित हो रहा था, बल्कि प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा था.
काफी समय से अतिक्रमण और अवैध दुकानों की आ रही थी शिकायत: प्रशासन के अनुसार, आनंद विहार में लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं. स्थानीय लोगों और यात्रियों द्वारा रोजाना शिकायत दर्ज कराई जा रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और एमसीडी के अधिकारी तैनात रहे, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके. एमसीडी प्रशासन ने साफ किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन का उद्देश्य आनंद विहार को जाम और प्रदूषण से मुक्त करना है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
Tags
दिल्ली
👍
जवाब देंहटाएं