आरोपियों ने लोनी में की थी दिल्ली के युवक की हत्या, अब पुलिस मुठभेड़ में घायल
गाजियाबाद। लोनी इलाके में दिल्ली के एक युवक की हत्या में शामिल दो बदमाशों ने सोमवार देर रात ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस की टीम पर जानलेवा हमले का प्रयास किया। दरअसल पुलिस दोनों को हत्या में इस्तेमाल हथियार की रिकवरी करने के लिए हरमपुर के जंगल में ले गई थी जहां मुठभेड़ में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बदमाशों को जंगल में दिल्ली निवासी साथी की हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इस दौरान बदमाशों ने झाड़ियों में छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस को मौके से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं।एसीपी सिद्धार्थ गौतम के मुताबिक ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की इलायचीपुर जैन कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में 6 जनवरी को दिल्ली निवासी 25 वर्षीय सुफियान का शव पड़ा मिला था। उसके सीने में दो गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में सुफियान के बड़े भाई फैजान ने ट्रॉनिका सिटी थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले में पुलिस ने मंगलवार को मृतक के दो साथी संदीप बैसोया निवासी जगतपुर थाना वजीराबाद और दिव्यांशु उर्फ रॉकी निवासी चमन विहार थाना ट्रॉनिका सिटी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने विवाद होने के बाद साथी की गोली मारकर हत्या करना और हथियार को हरमपुर के जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की। एसीपी ने बताया कि बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस टीम हथियार की बरामदगी के लिए दोनों को देर रात हरमपुर जंगल में लेकर पहुंची थी। जहां बदमाशों ने झाड़ियों में छिपा कर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इस दौरान पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को मौके से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं। एसीपी ने बताया कि घायल बदमाश संदीप पर हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है।
Tags
गाजियाबाद
