66 करोड़ की वित्तीय सहायता भी दी, 3.5 लाख लोगों को मिलेगा लाभ
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने नगर निगम को प्रमुख आवासीय योजनाओं की सड़क और सीवरेज परिसंपत्तियां हस्तांतरित कीं। रखरखाव और सुविधाओं के संचालन के लिए निगम को 66.32 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी। कहा जा रहा है कि इन कालोनियों में जो कार्य होंगे उसका लाभ लगभग 3.5 लाख की आबादी को मिलेगा। इसमें स्वर्ण जयंतीपुरम, प्रताप विहार, गोविंदपुरम और मधुबन बापूधाम एसटीपी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। यह राशि सफाई, सड़क मरम्मत और सीवरेज प्रबंधन में सुधार लाएगी, जिससे जल प्रदूषण भी नियंत्रित होगा।
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मौजूदगी में बुधवार को बैठक हुई। इसमें हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने हस्तांतरण की फाइल पर साइन किए। इस करार के बाद अब इन क्षेत्रों के विकास का जिम्मा गाजियाबाद नगर निगम के पास आ गया है। जीडीए वीसी नंदकिशोर कलाल के मुताबिक इस हैंडओवर में स्वर्णजयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम का बी-ब्लॉक, गोविंदपुरम योजना का सी पी ब्लॉक और प्रताप विहार सेक्टर-12 स्थित भवराव देवरस योजना, केए व बीएच ब्लॉक शामिल हैं। इनके साथ ही राजनगर एक्सटेंशन की 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क (बंधा रोड), गोविंदपुरम का चालू एसटीपी और प्राधिकरण की नगर निगम मुख्यालय बिल्डिंग भी निगम को सौंपी गई है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जीडीए की इन विकसित योजनाओं का हैंडओवर ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि कुल 66 करोड़ 32 लाख रुपये पर सहमति बनी है, जो निगम को दो किस्तों में मिलेंगे। पहली किस्त 33 करोड़ 16 लाख रुपये का भुगतान जीडीए द्वारा एक फरवरी 2026 को किया जाएगा, जबकि दूसरी किस्त 25 मार्च 2026 तक मिलेगी। एक अप्रैल से इन योजनाओं की सड़कें, नालियां, वाटर लाइन, ट्यूबवेल, ओवरहेड टैंक, सीवर लाइन, फुटपाथ और पार्कों की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम के हाथों में होगी।
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने नगर निगम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वर्णजयंतीपुरम की सड़कों, सीवर, जलापूर्ति और उद्यानीकरण के लिए तय धनराशि निगम को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले यह मांग 87 करोड़ 7 लाख रुपये की थी, लेकिन आपसी विचार-विमर्श और सहमति के बाद 66 करोड़ 32 लाख रुपये में ये समझौता हुआ है। हैंडओवर की इस प्रक्रिया के दौरान दोनों विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम की तरफ से अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, प्रभारी प्रकाश आश कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश उपस्थित थे तो वहीं जीडीए की ओर से मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित अन्य विभागों के प्रभारी बैठक में शामिल रहे।
Tags
गाजियाबाद