नमो भारत ट्रेन के जरिए दिल्ली से मेरठ का सफर अब सिर्फ 55 मिनट में...

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन से किया 'नमो भारत रैपिड रेल' के फुल स्ट्रेच और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन, सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहे मौजूद, पीएम ने छात्रों के साथ किया सफर

मेरठ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों को बड़ा बढ़ावा मिला है। पीएम ने कहा कि मेरठ की इस धरती से मेरा एक खास नाता रहा है. 2014 के चुनाव, 2019 और 2024 लोकसभा चुनाव में मेरठ से ही मेरी चुनावी सभाओं की शुरुआत हुई. मेरठ के किसानों, उद्यमियों, श्रमिकों और कारीगरों-दुकानदारों ने मुझे हमेशा समर्थन दिया है. मैंने तब भी कांग्रेस सपा और बसपा को कहा था कि अपनी जहरीली राजनीति छोड़िए. आइए विकास के मुद्दे पर मुकाबला करके देखते हैं. इन दलों ने अपनी जहरीली राजनीति नहीं बदली. भाजपा ने विकास और नीति-रीति को सर्वोपरि रखा. देश का विकास सर्वोपरि रखा. इसका एक उदाहरण हमारी मेरठ मेट्रो भी है.

पीएम मोदी ने मेरठ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, पीएम मोदी शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पहुंचे और मेट्रो व ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही आरआरटीएस के शेष खंडों का उद्घाटन भी किया, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है। उन्होंने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी की और उसमें सवार यात्रियों व छात्रों से बातचीत की। इसी दौरान, दो छात्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को कुछ तस्वीरें भी दिखाईं।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ, नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएंगे। कॉरिडोर की शुरूआती स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह रणनीतिक रूप से एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को सरलता से जोड़ता है। शुरू होने वाले अन्य तीन नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम मेरठ में हैं।
एक ही बुनियादी ढांचे पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का यह निर्बाध एकीकरण तेज रफ्तार वाली अंतर-शहरी यात्रा और शहर के भीतर सुगम आवागमन के लिए मददगार साबित होगा, जो भारत में एकीकृत शहरी और क्षेत्रीय परिवहन के लिए एक मिसाल कायम करेगा। इससे सड़क यातायात में भीड़ कम होगी और नतीजतन वाहनों से होने वाले कार्बन डाइआक्साइड उत्सर्जन में खासी कमी आएगी।
मेरठ के मोदीपुरम तक स्टैंडर्ड कोच में 210 रुपए किराया: एनसीआरटीसी से मिली जानकारी के मुताबिक नमो भारत के स्टैंडर्ड कोच में सराय काले खान से मेरठ के मोदीपुरम तक स्टैंडर्ड कोच में 210 रुपए किराया लगेगा जबकि प्रीमियम कोच में 20 प्रतिशत अतिरिक्त किराया देना होगा. नमो भारत का न्यूनतम किराया ₹20 है जबकि अधिकतम किराया ₹210 है. नमो भारत में यात्रा करने के लिए यात्री नमो भारत कनेक्ट एप, स्टेशन पर मौजूद टिकट पेंडिंग मशीन, एनसीएससी स्मार्ट कार्ड और अपि आदि के माध्यम से टिकट खरीद सकते हैं. सुबह 6:00 से रात्रि 10:00 तक नमो भारत की सेवाएं सराय काले खान स्टेशन से मोदीपुरम स्टेशन के बीच उपलब्ध रहेगी. प्रत्येक 10 मिनट के अंतराल पर नमो भारत ट्रेन उपलब्ध होगी. संपूर्ण कॉरिडोर पर नमो भारत का संचालन शुरू होने से दिल्ली से मेरठ का सफर सिर्फ 52 मिनट में पूरा होगा. माना जा रहा है की संपूर्ण कॉरिडोर पर नमो भारत की सेवाएं शुरू होने से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ में ट्रैफिक का दबाव भी काफी कम होने की संभावना है.


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने