क्या यहां नशेड़ियों के सभी अपराध माफ?

शालीमार गार्डन में नशेड़ियों की वजह से बढ़ा चोरी का ग्राफ, महिला को धमकाते हुए वीडियो हुआ वायरल, पुलिस की कार्यप्रणाली पर लोग उठा रहे सवाल?

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन एरिया के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में नशेड़ियों के सभी अपराध या तो माफ हैं या फिर पुलिस इन नशेड़ियों की वजह से बढ़ रहे अपराधों को लेकर गंभीर नहीं है। दरअसल, शालीमार गार्डन इलाके में नशे की लत को पूरा करने के लिए असमाजिक तत्व चोरियां करते हैं और पकड़े जाने पर पुलिस उन्हें नशेड़ी बताकर जेल भेजने के बजाय छोड़ देती हैं। अब यही नशेड़ी खुलेआम नशा करके माहौल को भी खराब कर रहे हैं। नशेड़ियों की इन हरकतों का एक ताजा वीडियो भी सोशल वायरल हुआ है जिसमें  एक नशेड़ी एक महिला को धमकाते हुए नजर आ रहा है। 
दरअसल, शालीमार गार्डन इलाके में नाले के आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशेड़ी खुलेआम अपने शरीर की नसों में नशे का इंजेक्शन लगाते हैं मगर पुलिस इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। नशे की लत को पूरा करने के लिए ये रैकी करते हुए घरों में चोरियां तक करते हैं। पहले भी कुछ चोरों को लोगों ने रंगे हाथों दबोचकर पुलिस के हवाले किया मगर पुलिस नशेड़ी बताकर उनको छोड़ती रही है। यह समझ से परे है कि पुलिस की क्या मजबूरी होती है कि वह चोरी की वारदातों में लिप्त नशेड़ियों को जेल नहीं भेजती और नशेड़ी  खुलेआम चोरी करते हैं। 
नशेड़ी का महिला को धमकाते हुए वायरल वीडियो:-
ताजा वीडियो में एक महिला को नशेड़ी धमकाता दिखाई दिया है। दरअसल, दो नशेड़ी जिस समय नशे का इंजेक्शन लगा रहे थे उसी समय एक महिला ने उन्हें देख लिया। महिला के वीडियो बनाने पर नशेड़ी उसको धमकाने लगा कि बनाओ वीडियो मैं इंजेक्शन लगाऊंगा। अब स्थानीय लोग पुलिस की सतर्कता और कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे हैं कि नशेड़ियों की वजह से चोरी और छिनैती की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोग चोरों को पकड़ भी लेते हैं तो पुलिस उनको थाने से विदा कर देती है। इस तरह चोरों को रंगे हाथ पकड़ने के बाद भी लोग ठगा सा महसूस करते हैं। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने