मान सिंह गोस्वामी ने घटना को असमाजिक तत्वों का सुनियोजित षडयंत्र बताया था
आगजनी की घटना के दो दिन बाद एक चोर दबोचा गया, पुलिस के हवाले किया गया
गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र की डीएलएफ कालोनी में पार्षद रेखा गोस्वामी के आवास पर दो दिन पहले धमाके के साथ ही आगजनी की घटना होने पर पार्षदपति व भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी ने इलाके में सक्रिय चोरों व असामाजिक तत्वों की जो आशंका जाहिर की थी, वह सही साबित हुई। श्री गोस्वामी के घर आगजनी की घटना के दो दिन बाद ही शुक्रवार को डीएलएफ कॉलोनी में चोरी करते हुए हुसैन नामक एक युवक को लोगों ने धर दबोचा जबकि उसका साथी अजहर मौके से फरार हो गया। पकड़ा गया चोर भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी के घर में हुई आगजनी की घटना में शामिल था और खुद मानसिंह गोस्वामी ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि जो लड़के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे हैं उनमें से एक यह भी है। मान सिंह गोस्वामी का कहना था कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की सक्रियता की वजह से चोरी व अन्य तरह की आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है, पुलिस को इसके लिए गंभीर होने की जरूरत है। फिलहाल श्री गोस्वामी ने पुलिस बुलाकर हुसैन को सौंप दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी चोरों को लोगों ने रंगे हाथ दबोचकर पुलिस के हवाले किया था मगर पुलिस नशेड़ी बताकर उन्हें छोड़ती रही है। अब देखना है कि पुलिस इस बार पुलिस क्या कार्रवाई करती है क्योंकि मानसिंह गोस्वामी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। गौरतलब है कि बुधवार-गुरूवार की रात भाजपा पार्षद रेखा गोस्वामी के घर पर तीव्र धमाके के साथ आगजनी की घटना हुई थी। पूरा परिवार आग की लपटों में घिर गया था किसी तरह से अपनी जान बचाई थी। मान सिंह गोस्वामी का कहना था कि यह घटना किसी इलेक्ट्रिक फाल्ट से नहीं हुई थी बल्कि केमिकल फेंक कर आग लगाई गई थी।
Tags
गाजियाबाद